
ऊना, 31 जनवरी – अमित शर्मा
महिला थाना ऊना के तहत बसोली की एक विवाहिता ने अपने पति समेत चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट के आरोप लगाए है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति, सास, जेठ व जेठानी चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शीतल मिन्हास निवासी बसोली ने बताया कि अगस्त 2020 को मेरी शादी दिवेश ठाकुर, निवासी बसोली के साथ हुई थी। शादी के 8 माह बाद पति विदेश चला गया।
पति के जाने के बाद सास, जेठ व जेठानी ने दहेज को लेकर ताने मारने शुरू कर दिए। महिला का आरोप है कि विदेश से लौटने के बाद पति ने भी तंग करना शुरू कर दिया और कोई खर्चा नहीं दिया।
आरोप है कि महिला व उसकी बेटी को जेठानी, जेठ मारपीट व गालियां देते थे। ऐसे में महिला ने चारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की।
एसपी अर्जित सेन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
