
भलाड – शिबू ठाकुर
जिलाधीश कांगड़ा डा. निपुण जिंदल ने उपमंडल ज्वाली के अधीन ग्राम पंचायत लुधियाड़ के वार्ड नंबर छह की रितिका के इलाज हेतु छह हजार रुपए की सहायता रेडक्रॉस से की है तथा एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप सिंह से परिवार की स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है।
इसी के चलते बुधवार को एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप सिंह ने बीडीसी शिंपू अरियाल को साथ लेकर बीमार रितिका के घर पर पहुंच कर रितिका का कुशलक्षेम पूछ तथा परिवार की हरसंभव सहायता करने का वादा किया। एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप सिंह ने हल्का पटवारी को पीड़ित रितिका के जर्जर मकान को दुरुस्त करवाने के लिए एस्टीमेट बनाने को कहा।
एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पीड़िता रितिका के मकान की हालत काफी जर्जर है तथा इसके अलावा रहने का कोई साधन नहीं है। एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मकान की हालत को सुधारा जाएगा तथा प्रशासन की तरफ से रितिका के इलाज हेतु जो भी यथासंभव सहायता होगी, वे की जाएगी। प्रशासन रितिका के साथ है तथा इलाज में हरसंभव सहायता करेगा।
बीडीसी शिंपू ने कहा कि मीडिया ने रितिका की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। मैंने जिलाधीश कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल को भी लिखित अवगत करवाया था। जिस पर जिलाधीश कांगड़ा ने एसडीएम ज्वाली को रिपोर्ट बनाकर भेजने को कहा।
लुधियाड पंचायत की रितिका के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
यह है मामला
बता दें कि लुधियाड के वार्ड नंबर की 15 वर्षीय रितिका कई दिनों से ट्यूमर जैसी बीमारी से जूझ रही है, जिससे रितिका की दाहिनी टांग काट दी गई है। रितिका एक गरीब परिवार से संबंध रखती है और पिता सुरेश कुमार मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पालन करते हैं।
रितिका के इलाज के कारण इस गरीब परिवार की हालत इतनी दयनीय हो गई है कि न तो इस परिवार के पास रितिका के इलाज के लिए पैसे है और न ही खाने के लिए राशन है। रितिका का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है।
