रूस के आगे झुका यूक्रेन, पुतिन के प्रस्ताव पर बेलारूस बार्डर पर बातचीत को तैयार जेलेंस्की

--Advertisement--

Image

व्यूरो रिपोर्ट

जंग के बीच रूस के प्रस्ताव पर यूक्रेन बेलारूस में बातचीत के लिए तैयार हो गया है। रूसी मीडिया के दावे पर खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मुहर लगाई है। हालांकि राष्ट्रपति बेलारूस में नहीं, बल्कि इसके बॉर्डर पर मीटिंग करने के लिए राजी हुए हैं।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस के साथ हम बातचीत करने को तैयार हैं, लेकिन पड़ोसी देश बेलारूस में मीटिंग नहीं करेंगे, क्योंकि इसे मास्को के आक्रमण के लिए लांचपैड के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। अब बैठक बेलारूस बार्डर पर होगी। उधर, रूस ने कहा है कि उसका एक प्रतिनिधिमंडल यूक्रेन के अधिकारियों से बातचीत करने के लिए बेलारूस के होमेल शहर पहुंच गया है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल में सैन्य अधिकारी और राजनयिक शामिल हैं। उधर, जंग का चौथा दिन यानी रविवार की सुबह यूक्रेन के लिए फिर एक मुसीबत लेकर आई और रूसी सैनिकों ने सूरज निकलने से पहले ही बहुत बड़ा हमला कर दिया।

रूसी सेना यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में घुस गई और गैस पाइपलाइन उड़ा दी। हालांकि उसे यहां स्थानीय लोगों के प्रतिरोध का भी सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रूसी सैनिकों और स्थानीय लोगों के बीच संघर्ष भी देखने को मिल रहा है। रूसी सैनिकों द्वारा मिसाइलों, हेलिकॉप्टरों, टैंकों और विमानों द्वारा हमले किए जा रहे हैं, जिसमें अभी तक 200 अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

यूक्रेन की सेना ने रूसी सैनिकों को रोकने के लिए बुका और इरपिन शहरों के बीच पुल को धमाके से उड़ा दिया। उधर, राजधानी कीव के मध्य हिस्से में भी कम से कम चार विस्फोटों की आवाज सुनी गई तथा रात भर हवाई हमले के सायरन बजते रहे। हालांकि बुका में रूसी सैनिकों को रोक दिया गया है।

यूक्रेन के शीर्ष सैन्य कमांडर वेलेरी ज़ालुजनी ने फेसबुक पर बताया कि यूक्रेन की वायु सेना ने बेलारूस से कीव पर छोड़े गए एक क्रूज मिसाइल को मार गिराया है। कीव प्रशासन के अनुसार, कीव के बाहरी ट्रोशचिना जिला में एक 16 मंजिला इमारत में विस्फोट होने से सात कारों में आग लग गई।

इस दौरान कई यूक्रेनी न्यूज चैनलों ने एक नौ मंजिला इमारत को जलते हुए दिखाया। यूक्रेन का दावा है कि अब तक रूसी हमले में 198 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें 33 बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा 1115 लोग घायल हो गए हैं।

संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 1.50 लाख से ज्यादा यूक्रेनी शरणार्थी पोलैंड, मोल्दोवा और रोमानिया पहुंच चुके हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस नागरिकों पर हमला कर रहा है, जो नरसंहार का संकेत है।

यूक्रेन के गवर्नर ने दावा किया है कि उसकी सेना ने खारकीव से रूसी सेना को पीछे धकेल दिया है और अब देश का दूसरा सबसे बड़ा शहर एक बार फिर यूक्रेन के कब्जे में है। यूक्रेन की रक्षा मंत्री हैन्ना माल्यार ने दावा किया है कि हमले के दौरान रूस ने अब तक करीब 4300 सैनिकों को गंवाया है। हालांकि, उन्होंने इस संख्या की अभी पुष्टि न होने की भी बात कही। हैन्ना ने कहा कि रूसी सेना अब तक अपने 146 टैंक्स, 27 एयरक्राफ्ट्स और 26 हेलिकाप्टर भी गंवा चुकी है।

रूस के खिलाफ  फिर गोलबंदी की कोशिश

यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र लगातार शांति बहाली की कोशिश कर रहा है। इसी सिलसिले में एक बार फिर सुरक्षा परिषद की एक बैठक बुलाई गई। इस बैठक में संयुक्त राष्ट्र महासभा की आपात बैठक बुलाए जाने के प्रस्ताव पर वोटिंग होगी। अगर प्रस्ताव हुआ तो सोमवार को 193 सदस्य देशों वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक होगी।

यूक्रेन की मदद को आगे आए एलन मस्क

वाशिंगटन। यूक्रेन की मदद को दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने हाथ आगे बढ़ाया है। स्पेस एक्स के सीईओ मस्क ने अपनी कंपनी की स्टारलिंक सेटेलाइट ब्राडबैंड सेवा को यूक्रेन में एक्टिव कर दिया है। अगर रूस के हमलों से यूक्रेन की इंटरनेट अवसंरचना क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो यह यूक्रेन को ऑनलाइन रखेगा।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

हिमाचल के निजी-सरकारी स्कूलों पर शिकंजा, शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश

हिमखबर डेस्क  हिमाचल प्रदेश के कई निजी स्कूलों सहित सरकारी...