नाहन, 15 मई
शिमला के रोहड़ू में पिछले दो दिनों से आयोजित हो रही दो दिवसीय महिला शतरंज प्रतियोगिता में सूर्यांशी शर्मा एवं वंदना शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सिरमौर की यह दोनों होनहार बेटियां लगातार 3 वर्षों से राज्य स्तरीय महिला शतरंज प्रतियोगिता जीत रही है।
30 जून से 10 जुलाई तक गुजरात में आयोजित होने वाली महिला शतरंज प्रतियोगिता में सूर्यांशी शर्मा राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सूर्यांशी शर्मा वर्तमान एवीएन स्कूल नाहन में 10+1 कक्षा में विज्ञान संकाय की छात्रा है। सूर्यांशी शर्मा पुत्री अमित शर्मा मूलतः पच्छाद उपमंडल के शानत बासु गांव की निवासी है। इससे पहले भी सूर्यांशी शर्मा राष्ट्रीय स्तर पर शतरंज प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग में हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
सूर्यांशी शर्मा की सफलता में उनके कोच पंकज भंडारी व राज्य शतरंज संघ के कोषाध्यक्ष आशीष ठाकुर तथा सिरमौर शतरंज संघ की अध्यक्षा शैलजा ठाकुर का विशेष योगदान रहा है। इसके अलावा इन्हें प्रोत्साहित करने में इनके दादा-दादी नाना-नानी का भी विशेष योगदान रहा।

