बिलासपुर – सुभाष चंदेल
झंडूता उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव में एक मंदबुद्धि युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई ने पुलिस में गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस थाना तलाई में शिकायत मिलते ही प्रभारी इंस्पेक्टर अमिता चौधरी ने घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
वहीं डीएसपी चंद्रपाल व फॉरेंसिक टीम मंडी ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फ़िलहाल पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को पीड़िता के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उसके माता-पिता का देहांत होने के साथ ही एक भाई की भी मौत हो चुकी है। एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन मंदबुद्धि है, जिस वजह से अभी तक उसकी शादी नहीं हुई है।
इस बात का फायदा उठाकर गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस घिनौनी वारदात का पता चलने पर जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उक्त व्यक्ति भाग गया।
डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल के बोल
उधर, डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मंदबुद्धि लडकी के साथ गांव के एक व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।फ़िलहाल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

