
सलूणी – भूषण गुरुंग
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 18वीं वाहीनी एसएसबी के हैडकांस्टेबल देवराज शर्मा का उनके पैतृक गांव थिसयुंडा में गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सलूणी के किहार निवासी देवराज शर्मा बिहार के मधुबनी जिला के तहत खुटौना में शराब माफिया द्वारा गाड़ी से रौंदकर उन्हें मार दिया गया था। वह खुटौना बीओपी में तैनात थे। देवराज की मृत्यु की खबर मिलने के बाद समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जब शहीद देवराज की पार्थिव देह को लेकर एसएसबी के जवान सलूणी पहुंचे, तो वहां पहले से तैयार प्रशासन की तरफ से एसडीएम सलूणी स्वाति गुप्ता, एसएचओ किहार हरनाम सिंह पुलिस टीम सहित सैकड़ों गाडिय़ों के काफिले के साथ देवराज शर्मा अमर रहे आदि नारे लगाते हुए पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव तक ले जाया गया।
देवराज का पार्थिव देह देख परिवार सहित वहां मौजूद हर आंख से आंसू छलक पड़े। घर में सभी ने शहीद के अंतिम दर्शन किए। उसके बाद अंतिम संस्कार हेतु स्यूल खड्ढ किनारे ले जाया गया, जहां शहीद का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शहीद जवान को मुखाग्नि उनकी 11 वर्षीय बड़ी बेटी दिव्यांशी शर्मा ने दी।
