
ऊना – अमित शर्मा
दिनदहाड़े चोरी की वारदातों का सिलसिला लगातार जारी है। उपमंडल हरोली के तहत लोअर रोड़ा स्थित कन्फेक्शनरी की दुकान में घुसकर बुजुर्ग महिला के कानों से बाली व कोके छीनकर नकाबपोश बाइक सवार भाग गए।
लोअर रोड़ा हरोली रामपुर पुल के नजदीक दुकान पर पंजाब नंबर की बाइक पर सवार होकर दो युवक दुकान पर पहुंचे। उस समय दुकान मालिक किसी काम से घर गया था। उसकी माता कांता देवी पत्नी तिलक राज दुकान पर थीं। युवकों ने उनसे कोल्ड ड्रिंक्स की दो बोतलें मांगी। बिस्किट लेने के बहाने एक युवक दुकान के अंदर आ गया।
अकेली महिला को उसने नीचे पटक दिया और कान में पहनी सोने की एक बाली व नाक में पहने कोके को झपट लिया। इससे महिला के कान व नाक से खून बहने लगा। इस दौरान उसका दूसरा साथी बाहर खड़ा रहा। महिला ने जब शोर मचाया तो छीनाझपटी करते युवक मुंह पर कपड़ा लपेटकर भाग गए।
हालांकि लोगों ने उनका पीछा भी किया लेकिन वे पकड़े नहीं गए। पीडि़त दुकानदार ने थाना हरोली में मामला दर्ज करवा दिया है। इसी स्थान पर कुछ माह पहले भी भदसाली निवासी महिला से दिनदहाड़े लूट हो चुकी है।
डीएसपी हरोली अनिल पटियाल का कहना है मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। वारदात को अंजाम देने वाले युवकों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।
