व्यूरो रिपोर्ट
भूकंप से 9 लोगों की मौत हो गई है। मंगलवार देर रात आए भूकंप से पाकिस्तान में खूब अफरा-तफरी का माहौल रहा। उत्तर पश्चिमी प्रांत में रेस्क्यू सेवा के प्रवक्ता बिलाल फैजी ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आए भूकंप से स्वात में एक दस वर्षीय लडक़ी और लोअर डीर में एक 24 वर्षीय व्यक्ति की उनके घरों की दीवारें गिरने से मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि भूकंप के झटकों के कारण 20 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। खैबर पख्तूनख्वा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रांत के दूरदराज के इलाकों में कई मिट्टी के घर ढह गए हैं। उन्होंने कहा कि हम अभी भी नुकसान के बारे में आंकड़े एकत्र कर रहे हैं।
भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गयी है। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिन्दूकुश क्षेत्र था। पाकिस्तान मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। अमरीकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप का केंद्र अफगान शहर जुर्म से 40 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में हिंदुकुश पर्वतमाला पर था। अफगानिस्तान, कजाखस्तान, तुर्कमेनिस्तान, तजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान और भारत में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए हैं।
पाकिस्तान में भूकंप के झटके 30 सेंकंड तक महसूस किए गए। भूकंप के झटके पाकिस्तान के अधिकांश क्षेत्रों में महसूस किए गए। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और कई इलाकों में लोगों ने खुले में कुरान पढ़ी। इसी तरह की रिपोर्ट पाकिस्तान के अन्य शहरों से आ रही है।
समाचार पत्र डॉन की रिपोर्ट के अनुसार भूकंप के झटके लाहौर, इस्लामाबाद, पेशावर, झेलम, शेखूपुरा, नौशेरा, मुल्तान, स्वात, शांगला और अन्य हिस्सों में महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद टीवी फुटेज में नागरिकों को अपने घरों और इमारतों से बाहर सडक़ों पर दिखाया गया।
रेस्क्यू के महानिदेशक डा. खतीर अहमद ने कहा कि विभाग को स्वात और लोअर डीर से किसी घटना की रिपोर्ट मिलने पर बचाव दल भेजा गया था। रेस्क्यू 1122 हाई अलर्ट पर है और किसी भी आपात स्थिति में सेवाएं देने के लिए तत्पर है।
हिमाचल प्रदेश में भूकंप के झटके
हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में मंगलवार की रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता ने भूकंप की पुष्टि की। प्रवक्ता ने बताया कि रात करीब 10 बजकर 19 मिनट से 10 बजकर 21 मिनट तक राज्य में तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप से अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि हिमाचल के कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके लगे हैं। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.6 और केंद्र अफगानिस्तान में हिन्दू कुश क्षेत्र रहा। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार भूकंप के कारण राज्य में जान-माल की कोई रिपोर्ट नहीं है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश भूकम्प की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। खासकर चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों को अति संवेदनशील ज़ोन 4 व 5 में शामिल है। वर्ष 1905 में चम्बा और कांगड़ा जिलों में आए विनाशकारी भूकंप की वजह से 10 हज़ार से अधिक लोग मारे गए थे। चम्बा व आस-पास के इलाकों में पिछले कई वर्षों से लगातार भूकंप के झटके लग चुके हैं, जिससे लोग सहमे हुए हैं।

