हिमखबर डेस्क
बीड बिलिंग से दिल्ली जा रही निजी बसों के साथ थार सवार युवकों द्वारा मारपीट और खूनी संघर्ष का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला भवारना थाना के अंतर्गत थुरल मार्ग पर चूल्हा के पास का है, जहां एक काली थार के सवारों ने न केवल सड़क पर हुड़दंग मचाया, बल्कि बीच-बचाव करने आए तीन अलग-अलग बसों के कंडक्टरों पर चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को ‘रियो बस प्रो’ बीड बिलिंग से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान थार गाड़ी बस के आगे आकर बाधा उत्पन्न करने लगी।
चूल्हा के समीप थार चालक ने अचानक सड़क के बीचों-बीच गाड़ी रोककर उसे पीछे की ओर (रिवर्स) कर दिया, जिससे वह सीधे रियो बस से टकरा गई। जब बस का कंडक्टर इस घटना का कारण पूछने नीचे उतरा, तो थार सवार एक युवक ने अचानक चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया।

मदद को आए अन्य कंडक्टरों को भी गोदा
हैरानी की बात यह रही कि पीछे से आ रही ‘लक्ष्मी बस’ और ‘राम दलाल बस’ के कंडक्टर जब अपने साथी की मदद के लिए आगे आए, तो हमलावर ने उन पर भी रहम नहीं किया और बारी-बारी से तीनों पर चाकू से वार कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बीच एक युवक ने गाड़ी से पिस्तौल निकालकर हवा में लहराना शुरू कर दिया और वहां मौजूद लोगों को जान से मारने की धमकियां दीं।
स्थानीय दुकानदारों की सूचना पर एसएचओ भवारना की अगुवाई में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को काबू किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए डॉ. आरपीजीएमसी टांडा भेजा है।
पुलिस की कार्रवाई
उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर का कहना है कि पुलिस ने इस संदर्भ में एफआईआर 58/26 दर्ज कर ली है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2), 351(2), 118(1), 352, 3(5), 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

