
मंडी, नरेश कुमार
जिला में हुई तेज बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। सदर के ऊपरी क्षेत्र में बादल फटने के कारण मैहनी गांव में बाढ़ आ गई। इससे सड़क पूरी तरह से तबाह हो गई है। पंचायत घर सहित अन्य घरों को भी नुकसान हुआ है।
दोपहर बाद चले तेज तूफान व बारिश के कारण पंडोह क्षेत्र में पड़ती मैहनी पंचायत में बाढ़ आ गई, सारा पानी खेतों से होकर आने के कारण कृषि भूमि पूरी तरह से बह गई। तेज हवा से बीएसएनएल का टावर गिर गया, इसके साथ ही 20 देवदार के पेड़ जड़ समेत उखड़ गए। कई घरों की छतें उड़ी तो ओलावृष्टि के कारण घरों में खिड़कियों पर लगे शीशे भी टूट गए।
मैहनी पंचायत घर में 76,000 रुपये से लगे सोलर पैनल भी तबाह हो गए हैं। शिवाधार-मैहनी रोड पर भारी मलबा आने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसमें लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पंडोह-शिवा रोड पर भी मलबा आने के कारण 60 हजार का नुकसान, सतौर-थाटा रोड में 50 हजार, तो कैंची मोड-सातमील रोड बंद होने से दो लाख का नुकसान हुआ है।
इसके अलावा अन्य मार्गों पर भी मलबे गिरे हैं। विभाग को लगभग 40 से 50 लाख का नुकसान आंका जा रहा है। पंचायत प्रधान मैहनी रेशमा ठाकुर ने बताया कि भारी बारिश के कारण पंचायत में काफी नुकसान हुआ है।
केके कौशल, एसई लोक निर्माण विभाग मंडी के बोल मैहनी पंचायत में बादल फटने के कारण सड़क पूरी तरह से तबाह हुई है। चार सड़क मार्गों को 40 से 50 लाख का नुकसान हुआ है।
