
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
बरमाणा थाना के तहत एसीसी सीमेंट उद्योग प्रबंधन के खिलाफ रोष रैली निकालने वाले ट्रक ऑपरेटरों के खिलाफ यातायात बाधित करने को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले को लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीडीटीएस बरमाणा की ओर से सीमेंट डिमांड कार्य को लेकर हड़ताल की जा रही है। पिछले 10 दिन से यह हड़ताल जारी है, लेकिन अभी तक कंपनी की ओर से कोई भी उचित कदम नहीं उठाए गए हैं।
दूसरी ओर ऑपरेटरों ने रोष स्वरूप बरमाणा बीडीटीएस मैदान से एसीसी कंपनी के मेन गेट तक वीरवार को रोष रैली निकाली थी। बीडीटीएस प्रधान जीतराम गौतम की अगुवाई में यह रैली निकाली गई थी, जिसमें ट्रक ऑपरेटरों ने भाग लिया।
बताया जा रहा है कि कंपनी की ओर से मेन गेट नहीं खोलने के चलते रोष स्वरूप गुस्साए ट्रक ऑपरेटरों ने बरमाणा के मुख्य चौक पर एनएच 103 पर प्रदर्शन किया। इससे यातायात भी बाधित हुआ।
करीब आधे घंटे बाद एसीसी प्रबंधन की ओर से फैक्ट्री का मेन गेट खोला गया। इसके बाद इन ऑपरेटरों का प्रदर्शन हुआ, लेकिन लंबे समय पर यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा।
ऑपरेटरों के नेशनल हाईवे के बीचों बीच हड़ताल पर बैठने से यातायात बाधित होने पर पुलिस प्रशासन की ओर से अब कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पुलिस की ओर से यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की शिकायत के आधार पर ट्रक ऑपरेटरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी हेडक्वार्टर राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
