
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन के निर्माण कार्य में लगा एक हाईवा टिप्पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में टिप्पर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नरेंद्र सिंह गुर्जर (30) पुत्र दया राम गुर्जर गांव पारलीकलां तहसील व जिला दोसा राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए बयान में निर्माण कर रही कंपनी के साइट इंजीनियर अमीर खान निवासी गांव भदरेट तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर ने बताया कि नरेंद्र सिंह गुर्जर दुर्घटनाग्रस्त हुए टिप्पर पर चालक था तथा दुर्घटना के समय भी वह टिप्पर में मिट्टी ढोने का कार्य कर रहा था।
जब वह टिप्पर में मिट्टी लोड करके भराड़ी जा रहा था तो अचानक टिप्पर अनियंत्रित हो गया व सड़क से नीचे 15-20 फुट की दूरी पर एक सफेदे के पेड़ से जा टकराया।
अमीर खान ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों सुनील कुमार व गुलाम सिंह के साथ मौके पर पहुंचा तो बेहोशी की अवस्था में चालक नरेंद्र सिंह को टिप्पर की सीट से बाहर निकाला व निजी गाड़ी में क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर ले आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
