शाहपुर – नितिश पठानियां
राजोल से लेकर घटनालू निर्माणाधीन फोरलेन के कारण बंद हुए गांवों के रास्तों के लिए सर्विस लेन का निर्माण किया जाएगा। यह बात उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा के सामने निर्माण कार्याें का जायजा लेने पहुंचे परियोजना निदेशक ने लोगों की मांग पर कही।
बुधवार को डीसी हेमराज बैरवा ने एसडीएम शाहपुर करतार चंद के साथ राजोल से लेकर घटनालू तक निर्माणाधीन फोरलेन का जायजा लिया। फोरलेन निर्माण को लेकर कुछ समय से एसडीएम शाहपुर के माध्यम से लोगों की शिकायतें आ रही थीं।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिला कांगड़ा के डीसी हेमराज बैरवा ने मौके पर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी मुश्किलें जानीं। इस दौरान राजोल के लोगों ने मांग रखी कि पुहाड़ा से राजोल तक सर्विस लेन बनाई जाए। इसके साथ ही लोगों ने बताया कि फोरलेन निर्माण के कारण काफी संख्या में कूहलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और गांव को जाने वाले रास्ते भी बंद हो गए हैं।
समस्याओं को सुनने के बाद जिला कांगड़ा के डीसी हेमराज बैरवा ने मौके पर मौजूद परियोजना निदेशक को इस समस्या के बारे में बताया। निदेशक ने इस पर सहमति जताते हुए कहा कि गांव को जाने वाले रास्तों के लिए सर्विस लेन बनाई जाएगी।
शाहपुर बाजार में बनाया जाए फ्लाई ओवर
डीसी ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर के साथ शाहपुर बाजार में लोगों से बातचीत की और उनकी मुश्किलों को जाना। यहां पर लोगों ने मांग रखी कि शाहपुर बाजार में फ्लाई ओवर बनाया जाए, ताकि सौ साल पुराने शाहपुर बाजार को बचाया जाए। इसके साथ यहां पर प्रस्तावित ट्रक वाई लेन का भी विरोध किया गया।
इसके बाद डीसी हेमराज बैरवा ने घटनालू में जाकर फोरलेन प्रभावितों से बातचीत की। इस मौके पर जिला कांगड़ा के डीसी हेमराज बैरवा ने कहा कि परियोजना अधिकारी और एसडीएम शाहपुर करतार चंद के साथ फोरलेन प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना है।
इसको लेकर मौके पर ही कंपनी के परियोजना में समस्याएं बताई हैं। लोगों को आश्वासन दिया है कि लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हए कंपनी की ओर से काम किया जाएगा। हालांकि फोरलेन का काम कई साल पहले प्रस्तावित हो चुका है, लेकिन फिर भी प्रशासन के माध्यम से लोगों की मुश्किलों को हल करने का प्रयास किया जा रहा है।
राजोल से लेकर घटनालू तक 17 किमी क्षेत्र में बनेगा फोरलेन
शाहपुर में राजोल से लेकर घटनालू तक लगभग 17 किलोमीटर एरिया में फोरलेन का निर्माण होना है। अधिकतर जगह यह काम पूरी गति के साथ चल रहा है। इस दौरान लोगों को कई प्रकार की मुश्किलें भी आ रहीं हैं। इसी को लेकर लोगों ने एसडीएम शाहपुर को शिकायत भी की थी।

