तपोवन में शीतकालीन विस सत्र इस बार नवंबर अंतिम सप्ताह में, बोले, दिसंबर माह में पर्यटन सीजन होने के कारण किया जाएगा बदलाव, हिमाचल विस एक विधायी संस्था के रूप में देश भर में है सबसे बेहतरीन – पठानिया
शाहपुर 03 नवंबर – नितिश पठानियां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में जारी चार दिवसीय फेडरेशन कप क्लासिक एवं इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 के दूसरे दिन आज शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक, उपाध्यक्ष पावरलिफ्टिंग ऑफ इंडिया तथा अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया का स्वागत किया और उनके आगमन पर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायक रहा है और उनके सानिध्य से निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सकारात्मक सहयोग सभी विधायकों को जनहित के कार्यों के लिए प्रोत्साहित करता है।
- पॉवर लिफ्टिंग क्लासिक की प्रतियोगिता के परिणामों में पुरुष वर्ग की 59 किलोग्राम श्रेणी में झारखंड के फाल्गुनी ब्रह्म घोष प्रथम,
- महाराष्ट्र के बावन जोरे द्वितीय तथा हरियाणा के कृष्ण कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
- पुरुषों की 66 किलोग्राम श्रेणी में छत्तीसगढ़ के नासिर हुसैन प्रथम और जयदीप द्वितीय रहे,
- जबकि 74 किलोग्राम वर्ग में हरियाणा के पवन राजपूत ने प्रथम, विश्वजीत ने द्वितीय तथा अरुणाचल के जे. लावा कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
- महिला वर्ग की 47 किलोग्राम श्रेणी में बिहार की साविया हाशमी प्रथम और हिमाचल की स्मृति द्वितीय रहीं।
- 52 किलोग्राम वर्ग में झारखंड की अनामिका मुखर्जी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
- 57 किलोग्राम वर्ग में हरियाणा की नैना कुमारी प्रथम और राजस्थान की तनुश्री द्वितीय रहीं।
- 63 किलोग्राम वर्ग में केरल की रेवथी प्रथम तथा पंजाब की जगजोत कौर द्वितीय स्थान पर रहीं।
- 69 किलोग्राम वर्ग में दिल्ली की इशू लाकरा ने प्रथम और हिमाचल की प्राची ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि धर्मशाला के तपोवन में विधानसभा शीतकालीन सत्र इस बार नवंबर माह में अंतिम सप्ताह में आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है ताकि दिसंबर माह में टूरस्टि सीजन होने के कारण धर्मशाला तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों तथा पर्यटन कारोबारियां को असुविधा नहीं हो।
सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया रैत में चार दिवसीय फेडरेशन कप क्लासिक एवं इक्विप्ट पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 के दूसरे दिन बतौर मुख्यातिथि खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला के तपोवन में आयोजित होने वाले शीतकालीन सत्र में इस बार आठ सीटिंग्स होंगी जो कि यहां पर अब तक की सबसे लंबी अवधि का विस सत्र रहेगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल विधानसभा एक विधायी संस्था के रूप में पूरे देश सबसे बेहतरीन कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि रचनात्मक चर्चा, संवाद जितना अधिक होगा, संस्थाएं भी उतनी ही सशक्त होंगी तथा आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन के लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम होंगी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सकारात्मक चर्चा तथा सुविचारित तर्क प्रस्तुत करने से व्यक्ति और संस्था दोनों की प्रतिष्ठा बढ़ती है।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश की गौरवशाली लोकतांत्रिक विरासत के बारे में बात करते हुए उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि 1925 में पीठासीन अधिकारियों का पहला सम्मेलन शिमला में आयोजित किया गया था जो लोकतांत्रिक सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक क्षण था।
उन्होंने यह भी कहा कि विट्ठलभाई पटेल भी हिमाचल प्रदेश से केंद्रीय विधान परिषद के सभापति चुने गए थे। उन्होंने इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि हिमाचल विधान सभा देश की पहली पेपरलेस विधानसभा है । उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल के लोग अपनी देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से विधायी कार्यों में दक्षता तथा पारदर्शिता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा युवा विधायकों को उनके सुझाव प्रस्तुत करने के लिए उचित समय दिया जा रहा है। ताकि सभी नागरिकों विशेष रूप से उपेक्षित वर्गों के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए सुशासन और सामाजिक कल्याण सुनिश्चित कर सकें।
कार्यक्रम में पावरलिफ्टिंग ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सतीश कुमार, एसडीएम शाहपुर करतार चंद, मुख्य अभियंता जलशक्ति दीपक गर्ग, मुख्य अभियंता विद्युत गौतम, डीपीओ अशोक शर्मा, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता, कांग्रेस नेता डीडी शर्मा, सेवानिवृत्त सचिव विधानसभा गोवर्धन, प्रधानाचार्य शमशेर भारती व बलजीत सिंह, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव प्रदीप बलौरिया, फेडरेशन प्रतिनिधि अजीत कुमार, ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

