
ब्यूरो – रिपोर्ट
नगर परिषद सरकाघाट के बैहेड वार्ड से संबंधित कपड़ा व्यापारी पर हमीरपुर के व्यक्ति ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है।
इस संबंध में सरकाघाट थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को दी शिकायत में नीलकमल पुत्र प्रकाश सिंह गांव व डाकघर जाहू, तहसील भोरंज (हमीरपुर) ने आरोप लगाया कि सरकाघाट के हरीश आनंद ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
आनंद का कहना था कि उसकी बडे़ लोगों से बातचीत है। उनके साथ फोटो भी दिखाए। हरीश की बातों में आकर उसने फिटर की नौकरी दिलाने की एवज में चार लाख रुपये नकद दे दिए।
जब नौकरी नहीं लगी तो उसने हरीश से संपर्क किया तो वह टालमटोल करने लगा। एक साल तक न नौकरी लगी और न ही पैसे लौटाए। किसी को भी इस संबंध में बताने पर जान से मारने व झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
नीलकमल ने बताया कि उसने हरीश के साथ हुई सारी बातचीत रिकार्ड की है। आरोप लगाया कि उसने अन्य कई लोगों से भी ठगी की है।
उधर डीएसपी सरकाघाट तिलकराज शांडिल्य ने बताया कि आरोपित हरीश आनंद के विरुद्ध जालसाजी करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
