हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के बागी और पूर्व विधायक राजिंदर राणा के बेटे अभिषेक राणा को जान से मारने की धमकी दी गई है. अभिषेक राणा को फोन कॉल्स के अलावा, घर पर धमकी भरा पत्र भेजा गया है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. सुजानपुर पुलिस थाना जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर के सुजारपुर से पूर्व विधायक राणा के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें अज्ञात शख्स ने धमकी दी है. शिकायत में कहा गया है कि चिट्ठी के माध्यम से उनके पिता राजिंदर राणा और बागी पूर्व विधायक सुधीर शर्मा को भी धमकी भरा मैसेज चिट्टी के जरिये भेजा गया है. धमकी भरा यह पत्र राजिंदर राणा के कार्यालय में आया है. वहीं, मंगलवार शाम अभिषेक राणा को फोन पर धमकाया गया था.
अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर कहा कि बाप-बेटा सुधर जाओ, नहीं तो गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार हो जाओ. 26 सेकंड की फोन कॉल में धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति ने अभिषेक को कहा कि आप जो कर रहे हो, वह सही नहीं है.
अभिषेक राणा ने कहा कि उन्होंने थाना सुजानपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने फोन पर उनसे बदतमीजी से बात की और धमकी देते हुए कहा कि इसे अंतिम चेतावनी समझो, नहीं तो आपको गंभीर परिणाम भुगतान पड़ेंगे. उन्होंने बताया कि देर शाम विधायक राजेंद्र राणा के कार्यालय में भी एक पत्र प्राप्त हुआ था.
हमीरपुर के एएसपी ने क्या कहा
हमीरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश शर्मा ने बताया कि अभिषेक राणा ने गत शाम को सुजानपुर थाना में दूरभाष से धमकी मिलने के बारे में सूचित किया गया था. उन्होंने बताया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई अमल में लाएगी उन्होंने कहा कि यह भी पता लगाया जाएगा कि जिस व्यक्ति ने यह कॉल किया है, उसका इसके पीछे क्या उद्देश्य था.
पत्र में क्या लिखा
अभिषेक राणा ने सोशल मीडिया पर पत्र शेयर करते हुए लिखा कि लड़ाइयां पहले भी लड़ी हैं, आगे भी लड़ते रहेंगे. जनता के हक की बात आई, तो किसी से ना डरेंगे. शत्रुओं की बौखलाहट कुछ इस तरह बढ़ गई है कि अब वह मुझे और मेरे परिवार को चिट्ठी और फोन के माध्यम से जानलेवा धमकियां दे रहे हैं. वैसे तो इनकी F.I.R करवा दी गई है. लेकिन इस वहम में वह कभी ना रहें की राणा परिवार किसी से डर जाएगा. जनता की हक की बात जब भी आएगी तो हम खुलकर सामने आएंगे और खुलकर लड़ेंगे. वहीं पत्र में लिखा, ‘’प्रिय राजिंदर राणा, तुम और सुधीर शर्मा जो दूसरे विधायकों को भटका रहे हो, इसे तुरंत करना बंद करो.अगर सुधरे नहीं तो, तुम और तुम्हारा परिवार सुरक्षित नहीं रहेंगे.इस पत्र को तुम आखिरी चेतावनी समझमा.’’

