
आज जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ जन जागरण अभियान का नेतृत्व करते हुए कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत के बाद केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की जयराम सरकार की कुछ आँख कान खुले है। मोदी सरकार को तीन नए कृषि कानूनों को वापिस लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से देश का किसान अपनी इस मांग को लेकर सड़कों पर बैठा था। मोदी सरकार इस आंदोलन को दबाने का भरसक प्रयास करती रही।
राठौर ने कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की देश मे बढ़ती महंगाई के खिलाफ रैली के आयोजन को अनुमति नही दी गई। उन्होंने कहा कि यह देश के संविधान का अपमान है और देश के नागरिकों के अधिकार का हनन। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसके खिलाफ किसी भी बड़े आंदोलन से पीछे नही हटेगी। प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए राठौर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार चारों खाने चित हो गई है।
उन्होंने कहा कि चार साल तक यह सरकार कुंभकर्णी नीद सोई रही। अब कुछ जागी है तो कर्मचारियों की चिंता के साथ साथ बड़ी बड़ी घोषणाओं में जुट गई है। अपने इस चार साल के शासनकाल में प्रदेश का खजाना खाली कर 65 हजार करोड़ से अधिक कर्ज लेकर मौज मस्ती में जुटी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं केवल चुनावी घोषणाएं है जिन्हें पूरा करने के लिये न तो सरकार के खजाने में पैसा है और न ही कोई बजट प्रावधान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और लोगों ने इसे सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना लिया है और इसकी प्रदेश में हुए चार उप चुनावों से शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में जन जागरण अभियान की यह पद यात्रा लोअर बाजार से होती हुई चौड़ा मैदान स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा को नमन करने पर सम्पन्न हुई।
