मंडी – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदर नगर में राज्य स्तरीय देवता मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बतौर मुख्यातिथि पहुंचीं। सांसद प्रतिभा सिंह तो पार्टी में एकजुटता का संदेश देने गई थीं लेकिन उनके सामने ही पार्टी के कार्यकर्ता भीड़ गए।
सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के सामने ही पार्टी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मेले की आखिरी जलेब में प्रतिभा के साथ चलने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गुटबाजी सामने आई। कार्यकर्ताओं में पहले कहासुनी हुई और फिर धक्कामुक्की हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस ने प्रतिभा को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकाला। प्रतिभा सिंह के सामने ये विवाद देखकर सभी चौंक गए। खुद नेता जी इतनी परेशान हो गईं कि उन्हें सड़क किनारे बने एक अस्थायी खोखा मार्किट के बाहर एक बेंच पर बैठना पड़ा। प्रतिभा सिंह को पानी पिलाया गया।
प्रतिभा सिंह के साथ चलने को लेकर हुआ विवाद
राज्यस्तरीय देवता मेला जोगिंदर नगर के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह के सामने भिड़ गए। कहासुनी के बाद नौबत धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कार्यकर्ताओं को शांत करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
प्रतिभा सिंह को पुलिस के घेरे में मेला स्थल तक पहुंचाया गया। विवाद देवता मेला के समापन पर निकली जलेब में मुख्य अतिथि प्रतिभा सिंह के साथ चलने को लेकर कार्यकर्ताओं का यह व्यवहार देखकर खुद प्रतिभा सिंह भी दंग रह गईं।
बेंच पर बैठी सांसद, जवानों ने पिलाया पानी
रामलीला मैदान में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के बाद प्रतिभा सिंह जलेब में शामिल हुईं। जलेब में नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली भी साथ थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने तैश में आकर एक-दूसरे को मुक्के भी जड़ दिए।
कार्यकर्ताओं विवाद के बाद प्रतिभा सिंह को पुलिस जवानों ने सुरक्षा घेरे में मेला मैदान तक पहुंचाया। उनके साथ पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र पाल, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने भी सुरक्षा घेरा बना रखा था।
कार्यकर्ताओं में विवाद व धक्कामुक्की के बाद कुछ समय के लिए प्रतिभा सिंह सड़क किनारे अस्थायी खोखा मार्केट के बाहर रखे बैंच में बैठ गईं। यहां पर पुलिस जवान ने उन्हें पानी पिलाया। जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता कई धड़ों में बंटे हैं।
शोभायात्रा में फंसे देवी-देवता
देवता मेले की अंतिम जलेब में यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। इसमें देवी-देवता भी फंस गए। वाहन चालकों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।