
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
रूस के दूल्हे व यूक्रेन की दुल्हन ने खनियारा में खड़ौता के राधा कृष्ण मंदिर में दो अगस्त को हिंदू रीति रिवाज के साथ शादी के बाद धर्मशाला में अपना विवाह पंजीकरण करवाया। यूक्रेन व रूस के बीच शांति व अमन हो यह नवदंपती यही चाहता है।
रूस में जन्मे सिरगी नोविका व यूक्रेन की रहने वाली एलोना ब्रोमोका ने स्पेशल मेरिट एक्ट के तहत शादी पंजीकरण करवा ली। रूस के सिरगी नोविका ने अब इजरायल की राष्ट्रीयता ग्रहण कर ली है। नवदंपती हिंदू धर्म व देवी देवताओं में भी आस्था रखते हैं, इसलिए हिंदू धर्म के मुताबिक विवाह किया है।
हिंदू धर्म मुताबिक बैंड बाजा बारात व वेदी, लग्न की रस्में निभाकर विवाह किया। इसके बाद विवाह पंजीकरण के लिए आवेदन किया था, आज उन्हें विवाह पंजीकरण पत्र प्राप्त हो गया है। नवदंपती विवाह करके काफी खुश है। हिंदू रीति रिवाज से विवाह की रोमांचक यादें उनके साथ हैं।
धर्मकोट से बरात आई और खड़ौता में राधा कृष्ण के मंदिर में हिंदू रीति रिवाज के मुताबिक विवाह हुआ। कांगड़ा धाम भी बनी और विदाई भी खड़ौता से हुई। दूल्हा अपनी दुल्हन को धर्मकोट ले गया। वहीं खनियारा के पंडित रमन शर्मा ने पंडित संदीप शर्मा के सानिध्य में विवाह की रस्में करवाई थी।
बताया जा रहा है कि धर्मशाला एसडीएम कार्यालय में 106 शादियां इस वर्ष पंजीकृत हुई हैं। इनमें 40 फीसद विवाह विदेशियों व तिब्बतियों ने पंजीकृत करवाए हैं। एसडीएम शिल्पी वेक्टा ने विवाह पंजीकरण की पुष्टि की है।
