
कोटला- स्वयंम
कोटला पुलिस ने पिछले साल जून में कोटला राष्ट्रीय राजमार्ग से चोरी हुए टिप्पर को बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस चौकी प्रभारी कोटला संजय शर्मा के नेतृत्व में गई पुलिस टीम लुधियाना से टिप्पर का सामान कैबिन, टंकी और इंजन बरामद कर कोटला लेकर आ गई है।
डीएसपी ज्वाली सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पिछले साल जून में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटला के पास से टिप्पर (एचपी 68ए-3232) चोरी हो गया था, जिसकी एफआईआर पुलिस थाना ज्वाली में दर्ज है।
उन्होंने बताया कि 7 जनवरी को नालागढ़ से एक ट्रक चोरी हुआ, जिसमें जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था, जिसकी लोकेशन के आधार पर नालागढ़ पुलिस लुधियाना के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सैंटी मोटर स्टोर पर पहुंची और ट्रक को बरामद कर लिया।
इस सूचना के आधार पर कोटला पुलिस वहां पहुंची जहां नई-पुरानी गाड़ियों का अम्बार लगा था। ऐसे में टिप्पर चालक ने टिप्पर के कैबिन, टैंकी और इंजन की पहचान कर ली। उन्होंने बताया कि नालागढ़ पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी को कोटला में लाकर टिप्पर चोरी मामले पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
