कोटला बैलट की पंद्रह पंचायतों को मिलेगा लाभ – राणा
पूर्व पंचायत समिति सदस्य एवं वर्तमान उपप्रधान पंचायत डोल भटहेड़ साधू राम राणा ने कोटला बैलट में पड़ती 1926 में बनी पुलिस चौकी को पुलिस थाना का दर्जा देने की घोषणा पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सूख और कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार का आभार व्यक्त किया।
आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कोटला पुलिस चौकी को पुलिस थाना का दर्जा मिलने से कोटला बैलट की पंद्रह पंचायतों के बशिंदों को अब अपने पुलिस संबधी कार्यों के एवज़ में ज्वाली के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और इसके साथ ही समय और धन की भी बचत होगी।
राणा ने कहा कि पुलिस चौकी कोटला को पुलिस थाना का दर्जा देने की मांग पिछली सरकार के समय भी उठाई गई थी लेकिन सर्वेक्षण तक ही मामला सीमित रह गया था जबकि कांग्रेस सरकार बनते ही लगातार इस मांग को कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के पास उठाया जाता रहा और जिसकी घोषणा कृषि मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री से करवा कर कोटला बैलट की चिरकाल से लंबित मांग को पूरा करने का श्रेय अपने नाम कर लिया है।
राणा ने कहा कोटला में पुलिस थाना भवन के निर्माण केलिए भी पुलिस विभाग एवं सरकार को कोई परेशानी नहीं उठाना पड़ेगी क्योंकि पुलिस विभाग के नाम सात कनाल भूमि पहले से ही कोटला में उपलब्ध है।

