मुख्यमंत्री ने किया विमल नेगी के निधन पर शोक व्यक्त
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPPCL) के चीफ इंजीनियर विमल नेगी, जो 10 मार्च से लापता थे, उनका शव 8 दिन बाद भाखड़ा डैम से बरामद हुआ। शव बिलासपुर के शाहतलाई थाना के अंतर्गत धनीपाखर के समीप मिला है।
शव मिलने के बाद मामला और भी संदिग्ध हो गया है। शव के पास से ड्राइविंग लाइसेंस भी मिला, जिसमें नेगी का नाम और पता दर्ज था।
कैसे गायब हुए थे विमल नेगी?
किन्नौर जिले के रहने वाले इंजीनियर विमल नेगी 10 मार्च को शिमला से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। वह शिमला में ही HPPCL में तैनात थे।
जांच के दौरान टैक्सी चालक से पूछताछ में सामने आया था कि उन्होंने शिमला से घुमारवीं जाने के लिए एक टैक्सी ली थी। शिमला के ओल्ड बस स्टैंड के पास उन्हें आखिरी बार CCTV कैमरे में कैद होते देखा गया था।
टैक्सी चालक ने पुष्टि की है कि उसने विमल नेगी को घुमारवीं में उतारा था। इसके बाद, भराड़ी-जाहू मार्ग की ओर जाते हुए उन्हें आखिरी बार देखा गया। लेकिन इसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं चला और 8 दिन बाद उनका शव भाखड़ा डैम से बरामद हुआ।
पुलिस के एक अधिकारी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर के भाखड़ा डैम शाहतलाई क्षेत्र में धनीपाखर के पास एक शव मिला है। मंडी से एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विमल नेगी की पत्नी ने बताया जड़े थे ये आरोप
विमल नेगी की पत्नी ने बताया कि वे पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च अधिकारियों द्वारा मानसिक प्रताड़ना, दुर्व्यवहार और चिकित्सा अवकाश न दिए जाने के कारण वे परेशान थे। इसी कारण उनकी मानसिक स्थिति खराब हो रही थी।
जब से विमल नेगी लापता हुए, उनके पैतृक गांव कटगांव में लोग सड़कों पर उतर आए। वे मामले की शीघ्र जांच की मांग कर रहे थे। भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों लोग रैली में शामिल हुए और बिजली बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस को तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। वहीं, परिजनों ने नेगी की तलाश के लिए एक लाख रुपये का इनाम की घोषणा भी की थी।
इसके अलावा, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है ताकि यह पता चल सके कि विमल नेगी किन परिस्थितियों में लापता हुए। लेकिन अब उनके शव मिलने के बाद मामले में एक नया मोड़ आ गया है। क्या ये हत्या है या आत्महत्या इसको लेकर अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
मुख्यमंत्री ने किया विमल नेगी के निधन पर शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को यहां हिमाचल प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटिड में मुख्य अभियन्ता व महा प्रबंधक के पद पर सेवारत विमल नेगी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और उन्हें इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विमल नेगी ने पॉवर कॉरपोरेशन में जीवन भर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की व अपने दायित्व के प्रति पूर्ण निष्ठा से समर्पित रहे।