
करैंट माता मंदिर में हवन यज्ञ में इक्यावन हजार आहुतियां की गईं समर्पित
देहरा – शिव गुलेरिया
कैप्टन संजय पराशर द्वारा जसवां-परागपुर क्षेत्र की हलेड़ पंचायत में स्थानीय वासियों की सुख-स्मृद्धि, स्वास्थ्य व बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए शुक्रवार काे महायज्ञ का आयोजन किया गया है।
क्षेत्र के दूसरे ऐसे कार्यक्रम में हलेड़ गांव के सवा दो सौ से ज्यादा परिवारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और भक्तों ने अपने-अपने आरध्य का पूजन किया।
हलेड़ गांव के प्रसिद्ध करैंट माता मंदिर के प्रांगण में बने हवन कुंड में इक्यावन हजार आहुतियां अग्नि को समर्पित की गईं। पराशर ने विश्व, भारत और जसवां-परागपुर क्षेत्र में शांति और कल्याण के लिए ऐसे महायज्ञों का आयोजन हर गांव में करने की बात कही है।
हलेड़ में महायज्ञ केे संपूर्ण होने पर संजय पराशर ने कहा कि सनातन धर्म में यज्ञ का अपना ही महत्व है। इससे वातावरण व पर्यावरण शुद्ध हाेता है।
इसके साथ ही उनका मानना है कि ऐसे आयोजनों से संस्कारों की भी पुर्नस्थापना होती है। चूंकि वह शिक्षा, रोजगार व स्वास्थ्य के विजन पर प्रमुखता से कार्य कर रहे हैं, ऐसे में इस महायज्ञ के प्रायोजन में एक बार फिर संकल्प दोहराते हैं कि जसवां-परागपुर क्षेत्र में शिक्षा के उत्थान के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।
होनहार विद्यार्थियों के भविष्य में आर्थिक या अन्य कारण रोड़ा नहीं बनें, इसके लिए भी हमेशा प्रयासरत रहेंगे। पराशर ने कहा कि शिक्षा के साथ क्षेत्र में रोजगार सृजन के साधनों का भी विस्तार करना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की सीमित संभावनाएं हैं और युवाओं को शिक्षा पूरी करने के बाद नौकरी हासिल करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। लेकिन अब उनकी कोशिश यही रहेगी कि देश की प्रतिष्ठित कंपनियां जसवां-परागपुर में पहुंचकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाएं।
युवाओं में कौशल विकास के लिए वह अपने संसाधनों का उपयोग करते रहेंगे और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप, पुस्तकें, कंप्यूटर और अंग्रेजी भाषा पर पकड़ बनाने के लिए गांव-गांव में इंग्लिश लर्निंग व कंप्यूटर सेंटर भी खाेलेंगे।
संजय ने घोषणा की हलेड़ पंचायत की भौगोलिक परिस्थितयों को ध्यान में रखते हुए इस गांव में तीन इंग्लिश लर्निंग सेंटर खोले जा रहे हैं। शुक्रवार को ही हलेड़ गांव में दूसरा और जसवां-परागपुर में 25वां इंग्लिश लर्निंग सेंटर खोल दिया गया है।
इसके अलावा गांवों के बुजुर्ग और हर आमजनमानस पूर्ण रूप से स्वस्थ रहे, इसकी भी वह कामना करते हैं। संजय ने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना हिमकेयर कार्ड ने प्रदेश के स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उनका मानना है कि हर परिवार को इस योजना के तहत पारिवारिक सदस्यों का बीमा कवर करवाना चाहिए। संजय ने कहा कि उन्होंने खुद जसवां-परागपुर के गांव-गांव में जाकर इस योजना के तहत मुहिम चलाई और आर्थिक रूप से अक्षम परिवारों के हिमकेयर कार्ड बनाकर भी दिए।
इसके साथ ही जसवां-परागपुर क्षेत्र को मोतियाबिंद मुक्त करने का अभियान अब भी जारी है और हर मंगलवार व शनिवार को परागपुर, रक्कड़, डाडासीबा और नारी-घाटी में चिकित्सकाें की विशेष टीमें भेजी जाती हैं।
पराशर ने कहा कि इस महायज्ञ में उन्होंने नारी- सशक्ततीकरण, पर्यावरण संरक्षण और गरीबी उन्मूलन को लेकर भी संकल्प लिया है।
इस मौके पर स्थानीय वासियों में पूर्व प्रधान बाला कुमारी, मलकीयत सिंह, मंजीव कुमार, सुरेन्द्र सिंह, सपना कुमारी, दर्शना देवी और रवि कुमार ने कहा कि संजय का उनकी पंचायत और स्थानीय वासियों से विशेष लगाव है और पराशर हमेशा उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं।
