राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक से किया सम्मानित, पीएचडी के दौरान ग्लेशियर पर अध्ययन करना है अगला लक्ष्य
नूरपुर – स्वर्ण राणा
नूरपुर क्षेत्र के गांव लदोड़ी की बेटी शिवाली पठानिया ने अपनी प्रतिभा के दम पर नूरपुर सहित पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। शिवाली पठानिया पुत्री जीवन सिंह पठानिया और विजय कुमारी ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय उत्तराखंड में एमएससी भू-विज्ञान में प्रथम स्थान हासिल किया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए शिवाली पठानिया को स्वर्ण पदक से नवाज़ा। शिवाली के पिता नोयडा में एक कंपनी में सेवारत हैं और माता गृहिणी हैं। बेहद सामान्य परिवार से संबंध रखने वाली शिवाली ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
शिवाली पठानिया ने बताया कि एमएससी के बाद वह पीएचडी करना चाहती हैं। पीएचडी के दौरान हिमाचल प्रदेश सहित दुनिया भर में ग्लशियर्ज में आ रहे बदलाव पर अध्ययन करेंगी। इससे ग्लेशियर पिघलने के कारणों का पता लगाने और इस समस्या से बचाव का समाधान ढूंढा जा सकेगा।
शिवाली की इस उपलब्धि पर उनके परिवार और समस्त लदोड़ी वासियों ने बधाई दी और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

