ऊना, 01 अप्रैल – अमित शर्मा
इंडस्ट्रियल एरिया टाहलीवाल में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को जलाने का प्रयास किया। हालांकि घटना में महिला के साथ खुद उसका पति भी आग की चपेट में आने से घायल हुआ है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
वहीं पुलिस ने घटना के संबंध में महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जसविंदर कौर पत्नी नरेश भारद्वाज निवासी लठियाणी ने बताया कि वह इंडस्ट्रियल एरिया टाहलीवाल स्थित फ्लोर मिल में पिछले 5 साल से काम कर रही है। नरेश भारद्वाज के साथ इस महिला की दूसरी शादी हुई है।
महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसे अपने पति की कुछ अजीबोगरीब हरकतों के बारे में पता चला। नरेश भारद्वाज अजीब तरह के नशे में धुत होकर मारपीट करने लग जाता है।
थाना में बुलाए जाने पर महिला ने अपने पति से तलाक लेने की बात कही। इसी दौरान शुक्रवार रात को अजीब सी हरकतें करने के साथ गाली गलौज करने लग गया, और साथ में प्लास्टिक का एक डिब्बा भी लेकर आया, जिसमें पीले रंग का कुछ तरल पदार्थ भरा था।
उसने जसविंदर कौर को जान से मारने की धमकी देते हुए टी-शर्ट उठाई और उस पर तरल पदार्थ डालकर आग लगा दी। तरल पदार्थ नरेश के कपड़ों पर भी गिरने के चलते उसके कपड़ों में आग लग गई।
इसी दौरान नरेश ने जलती हुई टी-शर्ट को जसविंदर कौर पर फेंक दिया, जिसके चलते जसविंदर के कपड़ों में भी आग लग गई। शनिवार को पुलिस ने पीडि़ता के बयान दर्ज कर एफआईआर रजिस्टर की और मामले की जांच शुरू कर दी।
एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में आरोपी पति नरेश भारद्वाज के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

