भाजपा के हुए पूर्व कांग्रेस MLA व वीरभद्र के करीबी रहे सुभाष मंगलेट, विस चुनाव में बिगाड़ा था खेल
शिमला – नितिश पठानियां
चौपाल से विधायक रहे सुभाष चंद मंगलेट ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पटका पहनाकर मंगलेट को भाजपा में शामिल किया। नड्डा ने मंगलेट का भाजपा में आने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन भी मौजूद रहे।
बता दें कि सुभाष मंगलेट पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के विश्वासपात्रों में रहे हैं। मंगलेट मात्र 28 वर्ष की उम्र में 2003 में पहली बार निर्दलीय विधायक बने थे। वह शुरू से ही सामाजिक एवं धार्मिक कार्यां से जुड़े रहे हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में तीन धार्मिक आश्रम और प्रदेश से बाहर एक धार्मिक आश्रम बनवाए हैं, जहां श्रद्धालुओं का लगातार आना–जाना लगा रहता है।
मंगलेट कांग्रेस में रहने के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के टीम में कई बार काम कर चुके हैं। पिछली कांग्रेस सरकार में मंगलेट मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन रह चुके हैं। वे ऑल इंडिया एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड के भी अध्यक्ष पद का पदभार भी संभाल चुके हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद सुभाष मंगलेट ने कहा कि मंगलेट ने कहा कि वे आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के मार्गदर्शन में देश के विकास एवं पार्टी की मजबूती के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करने को सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में जो विकास यात्रा चल रही है, उसमें अपनी भागीदारी देने और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने हेतु देश के हर वर्ग–समुदाय से प्रतिष्ठित हस्तियां भाजपा परिवार में शामिल हो रही हैं।

