
प्रदेश सरकार को इस पर बनानी चाहिए कोई ठोस नीति, खड्ड के दोनों ओर दिन-रात जेसीबी मशीनों से किया जा रहा खनन
नूरपुर – स्वर्ण राणा
उपमंडल नूरपुर के तहत पड़ती चक्की खड्ड में वर्षों से चला आ रहा अवैध खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा और अब लोगों के जहन में भी सवाल उठने लगे है कि आखिर चक्की में अवैध खनन का सिलसिला कैसे रुकेगा, जिससे कि एक बार फिर चक्की अपनी खनिज संपदा से भरपूर हो उठे ।
इस चक्की खड्ड में अवैध खनन रोकने के लिए प्रदेश सरकार को भी कोई ठोस नीति बनाकर कड़े कदम उठाने चाहिए। चक्की खड्ड में अवैध खनन का सिलसिला पिछले लंबे समय से चला आ रहा है और खनन माफिया यहां दिन-रात जेसीबी मशीनों से बड़े-बड़े टिप्परों में क्रशर मैटीरियल ले जाकर अपनी जेब भर रहा है।
खनन माफिया ने पिछले कई वर्षों से चक्की का अवैध खनन कर इसका आकार विकराल कर दिया है। अंधाधुंध अवैज्ञानिक माइनिंग से चक्की का बैड लेवल कई फुट नीचे गिर गया है, जिससे इसका पानी का लेवल भी नीचे गिरा है।
इस अवैध खनन से यहां सरकारी व निजी भूमि से क्रशर मैटीरियल रेत, बजरी व पत्थर आदि गायब हो गया है । अवैध खनन से यहां लोगों की उपजाऊ जमीन इसकी भेंट चढ़ी है, वहीं चक्की का जल स्तर गिरने से इसके किनारे लगती उपजाऊ भूमि बंजर हो रही है और कई जगहों पर उपजाऊ भूमि इस अवैध खनन की भेंट चढ़ चुकी है।
चक्की खड्ड पंजाब राज्य के साथ लगती है, जिस कारण प्रदेश के साथ-साथ पंजाब की ओर से भी इसमें जोरदार अवैध खनन होता है । इस चक्की खड्ड में दोनों ओर से दिन-रात अवैध खनन होने से इसका वजूद मिटता जा रहा है।
लोगों का मानना है कि इस चक्की खड्ड में खनन माफिया दिन-रात अवैध खनन कर रहा है, जिससे चक्की खड्ड में बीचोंबीच लहलहाते उपजाऊ खेल अवैध खनन की भेंट चढ़ चुके है।
कई जानकारों का मानना है कि पंजाब के कुछ क्रशरों के पास क्रशर मैटीरियल की उपलब्धता नहीं है और उन्हें क्रशर मैटीरियल उपलब्ध करवाने के लिए चक्की खड्ड में हिमाचल की जमीनों को मशीनों द्वारा नोचा जा रहा है और इसमें हिमाचल की ओर से भी खनन माविऊया के तार जुड़े है । ऐसे तत्त्वों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अब पुलिस-प्रशासन व खनन विभाग यहां समय-समय पर कार्रवाई करता रहता है तो यहां अवैध खनन का खेल रुकता क्यों नहीं है। पुलिस व खनन विभाग इसी वर्ष अवैध में कई चालान व कार्रवाई कर चुका है, परंतु अवैध खनन का सिलसिला थम नहीं रहा।
खनन अधिकारी बोले विभाग कर रहा कार्रवाई
चक्की खड्ड में अवैध खनन से चक्की खड्ड पर बना चक्की रेलवे पूल का एक हिस्सा चक्की की बाढ़ में बह चुका है और इसी खड्ड पर बना महत्त्वपूर्ण चक्की सडक़ पुल प्रभावित हो चुका है, जिस कारण इस पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही बंद है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
चक्की खड्ड में हो रहे अवैध खनन बारे खनन अधिकारी नूरपुर जेके पूरी ने बताया कि विभाग अवैध खनन पर कार्रवाई कर रहा है, जो कि आगे भी जारी रहेगी।
