दिसंबर के पहले दो हफ्तों के अंदर हिमाचल मंत्रिमंडल के विस्तार की तैयारी
हिमखबर डेस्क
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को अचानक दिल्ली गए हैं और गुरुवार को हिमाचल लौट आएंगे। गुरुवार को उन्होंने सोलन में आपदा प्रभावितों को राहत राशि बांटने के लिए कार्यक्रम रखा है। इसके बाद मुख्यमंत्री का धर्मशाला जाने का कार्यक्रम भी बन रहा है, लेकिन उनका दिल्ली दौरा महत्त्वपूर्ण हो गया है।
कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री तीन कैबिनेट मंत्रियों और बोर्ड-निगमों में चेयरमैन लगाने के लिए अनुमति लेने गए हैं। दिसंबर के पहले दो हफ्तों के अंदर ही यह कैबिनेट विस्तार होने वाला है। बुधवार को दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की किताब के लांचिंग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इसके बाद हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ वह राष्ट्रीय अध्यक्ष चर्चा करेंगे और मंत्रिमंडल विस्तार की कार्य योजना बनेगी। राज्य सरकार की कैबिनेट में अभी तीन पद खाली हैं और इन्हें भरने के लिए जिलावार संतुलन साधने की कोशिश हो रही है।
बिलासपुर से राजेश धर्मानी, कांगड़ा से यादवेंद्र गोमा और सुधीर शर्मा तथा हमीरपुर से राजेंद्र राणा का नाम कैबिनेट मंत्रियों के लिए लिया जाता रहा है। अब यह कांग्रेस हाईकमान और मुख्यमंत्री को तय करना है कि इनमें से तीन मंत्री कौन होंगे? 11 दिसंबर को वर्तमान राज्य सरकार का एक साल भी पूरा हो रहा है।
मुख्यमंत्री हाईकमान से इस अवसर पर कार्यक्रम को लेकर चर्चा करेंगे और केंद्रीय नेताओं को इस रैली के लिए निमंत्रण भी देंगे। एक साल का यह कार्यक्रम कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चंबी मैदान मेप्रस्तावित किया जा रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री के धर्मशाला दौरे तक इसमें बदलाव भी हो सकता है।
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने राजभवन जाकर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भी शिष्टाचार भेंट की है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र धर्मशाला के तपोवन में 19 दिसंबर से शुरू हो रहा है और उससे पहले गवर्नर से मुलाकात के भी कई मायने हैं।

