कांगड़ा – राजीव जसबाल
कांगड़ा माता के बाग में चल रहे तीन दिवसीय त्रिगर्त कला उत्सव कार्यक्रम की अंतिम संध्या के दिन आज हिमाचल प्रदेश में कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
मुख्य अतिथि का माता के बाग पहुंचने पर एसडीएम कांगड़ा नवीन तंवर ने पुष्प देकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रशंसा की।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि के दीप प्रज्वलन के साथ ही कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। एसडीएम कांगड़ा ने मुख्य अतिथि का शाल, टोपी और माता की मूर्ति देकर सम्मान किया।
अपने संबोधन के दौरान माननीय मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने एसडीएम कांगड़ा नवीन तंवर की त्रिगर्त कला उत्सव करवाने के लिए प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कांगड़ा मंदिर, कांगड़ा किला और कांगड़ा पेंटिंग का अपना ही इतिहास है। इन सभी को विश्व पटल पर पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कांगड़ा माता बाग बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा का ही एक भाग है इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार कार्य करेगी।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन के दौरान कहा वर्तमान सरकार एवं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश की सभी ऐतिहासिक विरासतो को संरक्षित करने और उन्हें उनकी उचित पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा वर्तमान में सरकार द्वारा कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया है, जिसमें कांगड़ा में चिड़ियाघर बनाना, गोल्फ मैदान बनाना, जैसे बड़े निर्णय शामिल हैं।
कार्यक्रम अंतिम संध्या के दिन देश विदेश में अपनी आवाज के जादू से लोगों के दिलों में राज करने वाले गायकों करनैल राणा, धीरज शर्मा, सुनील राणा, राखी गौतम, अरविंद,जानवी और मीनाक्षी ने अपनी मधुर आवाज से लोगों का मनोरंजन किया।

