
चम्बा – भूषण गुरुंग
प्रदेश पथ परिवहन निगम के चंबा डिपो में शराब के नशे में एक कंडक्टर स्टाफ सहित चालकों-परिचालकों के साथ उलझ गया। विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि निगम प्रबंधन को मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।
परिचालक की चार बजे चंबा से जोत रूट पर जाने वाली बस में ड्यूटी लगी थी लेकिन परिचालक जोत रूट पर जाने से मना कर रहा था। किसी लंबे रूट पर जाने की बात कह रहा था।
हंगाम करने पर बुलाई पुलिस
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने परिचालक को आदेश के अनुसार ड्यूटी देने को कहा जिस पर परिचालक ने हंगामा कर दिया। जिस पर बस स्टैंड में मौजूद निगम कर्मचारियों ने मौके पर पुलिस बुला ली। पुलिस ने बस स्टैंड पहुंचकर हंगामा कर रहे परिचालक को पकड़ा और बाद में मेडिकल कालेज ले जाया गया। मेडिकल करवाने के बाद उसे थाने में ही बंद रखा।
कार्रवाई करने की मांग
परिचालक द्वारा ड्यूटी के समय शराब पीने व बस स्टैंड में मौजूद स्टाफ सहित अन्य चालकों-परिचालकों के साथ उलझने व हंगामा व गली गलौज करने की निंदा की है। उधर एचआरटीसी कार्यकारी क्षेत्रीय प्रबंधक चंबा साहिल कपूर का कहना है कि ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में एक परिचालक सिटिंग रूम में अन्य चालकों-परिचालकों से उलझ गया था।
उसे काफी समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। इस पर पुलिस बुलानी पड़ी। आरोपित परिचालक की हरकतों पर अन्य चालकों व परिचालकों ने कड़ी आपत्ति जताई व मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
आरोपित का कराया गया मेडिकल
चंबा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि बस स्टैंड में शराब के नशे में हंगामा कर रहे परिचालक को पुलिस ने पकड़कर मेडिकल कालेज में उसका मेडिकल करवाया है। मेडिकल करवाने के बाद उसे पुलिस कस्टडी में रखा गया है। ड्यूटी के दौरान नशे में हंगामा करने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
