
देहरा की मशरूर पंचायत में लोगों के साथ की बैठक, समस्याओं पर किया मंथन
देहरा – शिव गुलेरिया
हिमाचल में बीजेपी सरकार को जल्द ही उनकी जनविरोधी नीतियों का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। बीजेपी सरकार से तंग आ चुकी हिमाचल की विधानसभा चुनावों में इसे बाहर का रास्ता दिखाएगी। यह कहना है हिमाचल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा का।
डॉ राजेश शर्मा गुरुवार को जिला कांगड़ा के देहरा विधानसभा क्षेत्र की मशरूर पंचायत में जनता से रू-ब-रू हुए। यहां उन्होंने बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं से मुलाकात की और उन्हें बीजेपी की जनविरोधी नीतियों बारे बताया।
इस दौरान डॉ राजेश शर्मा ने लोगों को आ रही समस्याओं बारे भी जानकारी ली। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनते ही लोगों की समस्याओं को दूर किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर भी जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने हर तरफ तबाही मचा दी है। बीजेपी सरकार से हर कोई परेशान है। बीजेपी सरकार के समय में जहां महंगाई चरम पर पहुंच गई है। वहीं प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की एक फौज खड़ी हो गई है।
डॉ राजेश शर्मा ने कहा कि बीजेपी देश में बढ़ती मंहगाई व बेरोजगारी से लोगों का ध्यान हटाने के लिये ऊलजलूल बाते करती रहती है। यही कारण है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी ईडी के माध्यम से प्रताड़ित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बीजपी की करनी जनता देख रही है और जल्द ही उसे इसका जवाब दिया जाएगा। बीजेपी सरकार से तंग आ चुकी प्रदेश की जनता विधानसभा चुनावों में बीजेपी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी और प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।
उन्होंने बीजेपी सरकार पर किसान और बागवान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बीजेपी के कार्यकाल में जिस तरह इन दोनों वर्गों को सड़कों पर उतरना पड़ा है, उससे बीजेपी का किसान व बागवानी विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है।
बता दें कि इससे पहले मंगलवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला भी देहरा पहुंचे थे। उनके यहां आने से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक नई ऊर्जा मिली है।
