
नई दिल्ली – व्यूरो रिपोर्ट
बीसीसीआई ने टी-20 वल्र्ड कप में खराब प्रदर्शन करने वाली टीम चुनने वाली सिलेक्शन कमेटी को बर्खास्त कर दिया है। अब नई समिति बनाने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। नई समिति में पांच सदस्य होंगे और उनकी जिम्मेदारी होगी कि हर फार्मेट के लिए अलग कप्तान चुना जाए।
मौजूदा समय में आलराउंडर हार्दिक पांडया टी-20 के कप्तान हैं। हालांकि उन्हें न्यूजीलैंड के साथ सीरिज के लिए ही चुना गया है, लेकिन संभावना है कि उन्हें पर्मानेंट टी-20 का कप्तान बनाया जाए।
दूसरी ओर मौजूदा समय में रोहित शर्मा ही सभी फार्मेट में कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन विश्व कप में मिली शर्मनाक हार के बाद रोहित को कई आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उनकी कप्तानी पर खतरा मंडरा रहा है।
हालांकि नए कप्तान के रूप में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी विकल्प हैं, लेकिन अभी वह चोटिल हैं और उम्मीद है कि वह जल्द मैदान में लौटेंगे। यदि वह मैदान में आते हैं, तो डिसाइड किया जा सकता है कि कप्तान उन्हें बनाया जाए।
खैर अभी बात चयन समिति की हो रही है, तो ऐसे में बीसीसीआई ने 28 नवंबर तक इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे हैं और इसके लिए शर्तें भी निर्धारित कर दी है।
गौरतलब है कि पूर्व तेज गेंदबाज चेतन शर्मा समेत समेत सभी सिलेक्टर्स को हटा दिया गया है। हरविंदर सिंह, सुनील जोशी और देवाशीष मोहंती इस सिलेक्शन कमेटी में थे। आमतौर पर सीनियर सिलेक्शन कमेटी का कार्यकाल चार साल का होता है। अब बोर्ड ने नई सिलेक्शन कमेटी के लिए एप्लीकेशन मांगी हैं।
