
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने अपने संभावित उम्मीदवारों को मैदान में उतारने के लिए दिल्ली में चर्चा की है, लेकिन अभी तक सभी सीटों पर सहमति नहीं बन सकी है। कुछेक सीटों पर अभी भी घमासान चल रह रहा है। पार्टी हाईकमान के पास सारी बातें पहुंची हैं, जहां पर टिकटों को लेकर पेंच फंसा है।
अब कई टिकटों को लेकर फिर से मंथन होगा और उसके बाद एक साथ प्रदेश के सभी उम्मीदवारों की सूची कांग्रेस पार्टी घोषित करेगी। ऐसे में दिल्ली में बैठे टिकट के चाहवान नेता घर लौट आए हैं और दो दिनों के बाद फिर से दिल्ली में डटेंगे, जबकि कुछेक नेता अभी भी दिल्ली में डटे हैं।
दो अक्टूबर को होगी बैठक सात को तय हो सकते हैं नाम
बताया जा रहा है कि पार्टी हाईकमान ने राज्य कांग्रेस कमेटी को अपने प्रत्याशियों के प्रस्ताव पर चर्चा करने को कहा है। उसके बाद दो अक्टूबर को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में नाम तय किए जाएंगे। केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी सात अक्टूबर को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकती है।
नेताओं की बढ़ी धुकधुकी
सात अक्टूबर तक टिकट के चाहवान नेताओं की धुकधुकी बढ़ गई है। दो को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक व सात को केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी में चर्चा के बाद नाम तय किए जाएंगे। लेकिन ऐसे में टिकट के चाहवान व आश्वस्त नेताओं की भी धुकधुकी बढ़ गई है कि पार्टी उन्हें चेहरा बना रही है या नहीं।
इंटरनेट मीडिया पर वाकयुद्ध तेज
इंटरनेट मीडिया पर नेता व उनके समर्थकों का वाकयुद्ध तेज है। कुछ समर्थक अपने नेता का खुलेआम प्रचार कर रहे हैं कि उनका ही नेता श्रेष्ठ है और टिकट लेकर आ रहा है। जबकि कुछ समर्थक आश्वस्त है कि टिकट ही नहीं जीत भी उनकी होगी। ऐसे में कहीं पर समर्थक भाजपा व अन्य दलों के समर्थकों के साथ वाकयुद्ध तेज किए हुए हैं।
