फतेहपुर, अनिल शर्मा
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांगड़ा के फतेहपुर से कांग्रेस के विधायक सुजान सिंह पठानिया का निधन हो गया है. 78 वर्ष की उम्र में शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली. वे लम्बे समय से बीमार चल रहे थे. कांग्रेस के नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है जिला कांगड़ा से फतेहपुर के विधायक सुजान सिंह पठानिया का शुक्रवार सुबह निधन हो गया है।
पिछले तीन सालों से उनकी सेहत में अधिक सुधार नहीं आ रहा था। सितंबर 2017 में उन्हें पैरालाइसिस अटैक आया था, तब उन्हें तुरंत आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया था। तब से उनका उपचार चल रहा था।फतेहपुर के विधायक सुजान सिंह पठानिया 78 वर्ष के थे। अपने 44 वर्षों के सक्रिय राजनीतिक जीवन में वे सात बार विधानसभा पहुंचे।
सातवीं बार विधायक बने थे
जानकारी के अनुसार, 2017 में उन्होंने जीत दर्ज की थी और सातवीं बार विधायक बने थे. इस चुनाव में सुजान सिंह पठानियां ने भाजपा उम्मीदवार कृपाल सिंह परमार को 1284 मतों के अंतर से हराया था. वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ जुड़े हुए थे. सुजान सिंह का जन्म 22 सितंबर 1943 को लाहौर (पाकिस्तान) में हुआ था. वह एक स्नातक है और एनएएफआरसी, देहरादून से वानिकी में प्रशिक्षित है. सुजान सिंह पठानिया 1977 और फिर 1990, 1993, 2003 और नवंबर 2009 में (उपचुनाव) ज्वाली निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा के लिए चुने गए थे.
नेता विपक्ष और ऊना के हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन से प्रदेश को अपूर्णीय क्षति हुई है। सात बार हिमाचल विधानसभा पहुंचे पठानिया ने पार्टी और सरकार में कई जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और प्रदेश वासी उन्हें हमेशा याद करेंगे। कांगड़ा कांग्रेस के अध्यक्ष अजय महाजन ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया।
हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर ने भी फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया जी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि पठानिया के निधन का दुःखद समाचार मिला है। सरल स्वभाव के धनी पठानिया ने सदैव समर्पणभाव से जनसेवा की है, जो प्रेरणादायक है।