
देहरा 13 मई, शीतल शर्मा
तहसील जसवां के अन्तर्गत आने वाली विभिन्न पंचायतों में आज राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने कोरोना संक्रमितों का घरों में जाकर हाल जाना।
एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले लगभग दस दिनों से देहरा उपमंडल में अधिकारी व कर्मचारी कोरोना संक्रमितों के घरों में जाकर उनका कुशलक्षेम जान रहे हैं और उन्हें सकारात्मक दृष्टिकोण से संक्रमण से लड़ने के लिए प्रोतसाहित कर रहे हैं।
इसी के तहत आज तहसीलदार जसवां अंकित शर्मा एवं क्षेत्र के पटवारियों ने घरों में जाकर कोरोना संक्रमितों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उन्होंने लगभग 20 संक्रमित लोगों से उनके घर पर जाकर संपर्क किया।
उन्होंने बताया कि कुशलक्षेम जानने के साथ कर्मचारियों ने उन्हें आवश्यक वस्तुएं भी उपलब्ध करवाई। उन्होंने बताया कि संक्रमितों के परिवार वालों ने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से संतुष्टी जताई और बताया कि संक्रमितों एवं परिवार वालों के सकारात्मक दृष्टिकोण ने स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।
