
पालमपुर – नवीन शर्मा
जयसिंहपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बालकरुपी में पाकिस्तानी चिन्ह का एक गुब्बारे मिलने का समाचार है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम बालकरुपी के गांव गजरेडा के साथ लगते खेतों में एक रंगदार गुब्बारा पड़ा हुआ था।
एक बच्ची की नजर जब उस गुब्बारे पर पड़ी तो बच्ची उसे खेलने के मकसद से अपने घर ले आई। उक्त गुब्बारे पर पीआईए लिखा हुआ था तथा पाकिस्तानी चिन्ह भी छपा हुआ था। सुबह होते ही उक्त गुब्बारे में अपने आप में हवा भर गई और वह उड़ना शुरू हो गया।
इस गुब्बारे के मिलने से इलाके में कई प्रकार की चर्चाएं शुरू हों गई। ग्राम पंचायत बालकरुपी के प्रधान सुनील चौधरी व पुलिस टीम ने मौके पर पंहुच कर लोगों से बातचीत की व स्थानीय लोगों को यह भरोसा दिलाया कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
इस संदर्भ में जब पुलिस चौकी आलमपुर के प्रभारी अनूप कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसी बात उनके ध्यान में आई है तथा उक्त जो गुब्बारा दिखाई दिया है वह प्रथम दृष्टया में एक खिलौना लग रहा है। उसमें किसी भी तरह की इलैक्ट्रॉनिक्स व कैमरा इत्यादि खुफिया जैसी कोई चीज नहीं थी लेकिन फिर भी पुलिस हर पहलू पर नजर रखेगी।
