
मंडी – डॉली चौहान
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रचार तेज कर दिया है। सोमवार को हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने चुनावी हुंकार भरी। प्रियंका गांधी सहित छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मंडी में कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरा व भाजपा व जयराम ठाकुर पर जमकर निशाना साधा।
डबल इंजन बना ट्रबल इंजन
भूपेश बघेल ने कहा इंदिरा गांधी का हिमाचल से क्या नाता बताने की आवश्यकता नहीं है। प्रथम मुख्यमंत्री डाक्टर यशवंत सिंह परमार और वीरभद्र ने हिमाचल को आगे बढ़ाया है। प्रियंका गांधी हिमाचल की बेटी हैं। जयराम सरकार में लोगों की उम्मीदें टूटी हैं। डबल इंजन ट्रबल इंजन बन गया।
जयराम काे कहिए जय श्रीराम
हिमाचल प्रदेश में मजदूरों व युवाओं का हक छीना गया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी की ओर दी गई 10 गारंटी को पूरा करके दिखाएंगे। राहुल गांधी नफरत और बेरोजगारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। हमनें 2018 में छत्तीसगढ़ में हर वादा पूरा किया। किसानों और मजदूरों से किया हर वादा पूरा किया गया तो हिमाचल में क्यों नहीं कर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश से अब जयराम को अब जयश्रीराम कहिये।
बीजेपी मतलब बेचते जाओ पेपर : अलका
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा गुजरात से नशीले पदार्थ आ रहे हैं, जिनकी सप्लाई देशभर में हो रही है। बीजेपी का मतलब बेचते जाओ पेपर बन चुका है। हिमाचल प्रदेश में विभिन्न भर्तियों के पेपर बेचे गए हैं। रैली में द्रंग से कांग्रेस प्रत्यशी कौल सिंह ठाकुर के पक्ष में नारेबाजी हुई।
