व्यूरो रिपोर्ट
युवती को ब्याहने आई बारात उस समय बगैर दुल्हन के लौट गई जब एक युवक ने हंगामा खड़ा कर दिया। युवक के हंगामे ने जुडऩे से पहले ही शादी का बंधन तोड़ दिया। इसे एक तरफा प्यार ही कहा जा सकता है। युवक की बचकानी हरकत के कारण जुडऩे से पहले टूटे रिश्ते का दर्द युवती को ताउम्र याद रहेगा। वहीं, युवती ने युवक की इस हरकत का विरोध भी जताया।
लोगों ने युवती से पूछा कि क्या वह इस लड़के से शादी करना चाहती है, तो उसने साफ इनकार कर दिया। इससे यही साबित हो रहा है कि युवक की नासमझी ने जहां दुल्हन पक्ष को शर्मिंदा करवा दिया, वहीं रिश्ता जुडऩे से पहले ही तुड़वा दिया। यह वाक्या उपमंडल नादौन के तहत एक पंचायत में सामने आया है।
उपमंडल की एक पंचायत में शादी समारोह चल रहा था। दुल्हन को ब्याहने के लिए बारात बैंड-बाजे के साथ पहुंची। दुल्हन पक्ष ने बारात का पूरे रिति-रिवाज के अनुसार स्वागत किया। इसके बाद विवाह की रस्में अदा करने का समय आया, परंतु जयमाला होने के कुछ समय बाद ही कुछ ऐसा हुआ कि दूल्हे ने विवाह करने से इनकार कर दिया।
दूल्हे के इनकार करते ही बारात वापस लौट गई। बिना सोचे-समझे उसने दुल्हन को ऐसा दर्द दिया जो उसे उम्रभर याद रहेगा। पता चला है कि दुल्हन के एक सहपाठी ने पहले तो पुलिस थाना पहुंचकर झूठा आरोप लगाया कि उक्त दुल्हन का विवाह पहले ही उससे हो चुका है।
जब वह इसका कोई सबूत पुलिस को उपलब्ध नहीं करवा सका और वहां उसका कोई जोर नहीं चला, तो उसने लड़के वालों को ही गुमराह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दुल्हन पक्ष के लाख समझाने के बावजूद दूल्हा व उसके परिजन नहीं माने। वहीं, दूसरी ओर लड़की उक्त युवक के साथ किसी भी रिश्ते से मना करती रही।
इतना ही नहीं, जब कुछ लोगों ने लड़की को उसके सहपाठी से विवाह करने की बात कही, तो भी लड़की ने उसके साथ विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। उक्त लड़के की नासमझी और एक तरफा प्यार के कारण इतनी बड़ी घटना हो गई। मामले की क्षेत्र भर में काफी चर्चा है।