
नूरपुर – देवांश राजपूत
जम्मू-कश्मीर राज्य के जिला डोडा के गांव ठठेरी में गत शाम हुए सड़क हादसे में नूरपुर के अधिवक्ता सचित शर्मा के 7 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा एक वाहन को पास देते समय हुआ। इस दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 400 फुट खाई में जा गिरी। कार में सचित शर्मा, उनकी पत्नी व 7 साल का बेटा दिव्यांश सवार थे जोकि हादसे में घायल हो गए। घायलों को अस्पताल लाया गया जहां बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई।
सचित शर्मा ने बताया कि जिस जगह पर यह दुर्घटना हुई वहां की कुछ जगह धंसी हुई थी। वहीं दिव्यांश शर्मा के शव का अंतिम संस्कार नूरपुर में कर दिया गया। दिव्यांश नूरपुर नगर परिषद के प्रधान अशोक शर्मा उर्फ शिवू का भतीजा था।
मंत्री राकेश पठानिया व कांग्रेस के नेता व पूर्व विधायक अजय महाजन भी इस दुख की घड़ी में शामिल हुुए। नूरपुर अधिवक्ता संघ ने हादसे में सचित शर्मा के बेटे की मौत पर एक शोक प्रस्ताव पारित किया है।
