
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
बिलासपुर जिले के घुमारवीं थाना के तहत निहारी के समीप जंगल के बीच में व्यक्ति का गला शव मिलने से सनसनी फैल गई है। जंगल के बीच शव बुरी तरह गल गया था, जिस कारण बदबू फैल चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो व्यक्ति की पहचान देशराज गांव चंदरुही जिला हमीरपुर के तौर पर हुई है।
व्यक्ति की मौत के क्या कारण रहे हैं, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस ने फारेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच करवा दी है।
बता दें कि निहारी क्षेत्र का एक व्यक्ति सूखी लकडिय़ां इकट्ठी करने के लिए जंगल की तरफ गया था। इसी दौरान उसे निहारी रेस्ट हाउस के नजदीक जंगल में एक शव दिखाई दिया। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो वहां एक बैग में एक टोपी, एक संतरी रंग का कपड़ा व बस का एक टिकट बरामद हुआ। पुलिस ने आसपास के थानों से लापता व्यक्तियों के संदर्भ में जानकारी हासिल की तो हमीरपुर जिले के भोरंज से लापता व्यक्ति के बारे में पता चला।
उक्त व्यक्ति के पास जो सामान मिला उस सामान के जरिये पता चला कि उक्त व्यक्ति भोरंज थाना के चंदरुही गांव से दो मार्च से लापता था। इसके बाद उक्त व्यक्ति के स्वजन को मौके पर बुलाया गया तो उन्होंने कपड़ों व जूतों से शिनाख्त की।
क्या कहते हैं अधिकारी
डीएसपी घुमारवीं ने बताया कि शव की पहचान हो चुकी है। मौत के क्या कारण रहे हैं, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा। फारेंसिक टीम ने मौके पर जांच की है। रिपोर्ट के बाद सच का पता चल पाएगा।
