
मरीजों-तीमारदारों को पेश आ रही दिक्कत
सुंदरनगर – डॉली चौहान
मूलभूत सेवाओं में से एक स्वास्थ्य सेवाओं को सदृढ़ और सजग बनाने के स्वास्थ्य विभाग के सारे दावे धरताल पर पूर्ण रूप से बिखरे हुए है, जिससे लोगों को समय पर आपात स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही है। ऐसा ही ताजा उदाहरण सुंदरनगर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले नागरिक अस्पताल डैहर के देखने को मिल रहा है।
जहां पर चार बजे के बाद आपात स्थिति में स्वास्थ्य उपचार के लिए मरीजों व तीमारदारों को धरातल मंजिल से तीसरी मंजिल का सफर सीढिय़ों से पैदल करते हुए उपचार करवाना पड़ रहा है।
हालात यह है कि इस व्यवस्था को बदलने के बजाय लिए स्वास्थ्य विभाग और अधिकारी आदेश जारी करने का हवाला देते हुए मूकदर्शक बने हुए है और आम जनता समस्याओं व परेशानियों को झेल रहे है।
जानकारी के अनुसार सिविल हास्पिटल डैहर में पिछले लंबे समय से शाम चार बजे के बाद अथवा अवकाश के दिन आपात स्थिति में मरीजों को स्वास्थ्य उपचार करवाने के लिए धरताल मंजिल से तीसरी मंजिल पर उपचार करवाने के लिए स्टाफ द्वारा यह कहकर बुलाया जाता है कि ड्यूटी पर उपस्थित चिकित्सक व स्टाफ तीसरी मंजिल पर है।
वहीं, स्वास्थ्य आपात में चलने फिरने में असमर्थ मरीजों को तीसरी मंजिल तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि कुछ मामलों में चिकित्सक व स्टाफ द्वारा धरताल पर आकर भी मरीजों को उपचार दिया जाता है।
लेकिन यह व्यवस्था बदलने की मांग को लेकर कई मर्तबा मरीजों व तीमारदारों द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत भी की गई, जिसके बाद खंड स्वास्थ्य अधिकारी रोहांडा ब्लॉक द्वारा अस्पताल इंचार्ज को चिकित्सक व स्टाफ की धरताल मंजिल पर कमरे शिफ्ट करने को लेकर आदेश जारी करने की बात कही है।
परंतु व्यवस्था परिवर्तन को लेकर अस्पताल प्रबंधन द्वारा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिसके परिणामस्वरूप मरीजों व तीमारदारों की परेशानियां व समस्याएं आज भी जस की तस हैं। कई मरीज तो तीसरी मंजिल में उपचार करवाने में असमर्थता जताते हुए बाहरी दवाखानों में उपचार करवाने को भी मजबूर हैं।
अस्पताल के इंचार्ज से मांगा जाएगा जवाब
खंड स्वास्थ्य अधिकारी रोहांडा ब्लॉक डा. अविनाश पंवर ने बताया कि सिविल हास्पिटल डैहर में चार बजे के बाद व अवकाश के दिन धरताल मंजिल पर ही आपात स्थिति में मरीजों को उपचार दिए जाने के आदेश जारी किए गए थे। आदेशों का पालन न होने को लेकर सिविल हास्पिटल डैहर के इंचार्ज से जवाब जाएगा।
व्यवस्था को लेकर की जाएगी जांच
इस संबंध में सिविल हास्पिटल डैहर के इंचार्ज व मेडिकल आफिसर डा. अभिषेक ने बताया कि आदेशानुसार धरताल मंजिल पर आपात स्थिति में उपचार की व्यवस्था है। ऐसा क्यों है। इसको लेकर जांच की जाएगी।
