विस्तारीकरण के लिए 52 करोड़ 82 लाख रुपए मंजूर, कांगड़ा तक का सफर होगा सुहावना।
भटियात – अनिल स्ंबियल
भटियात उपमंडल की मुख्य लाइफलाइन सिहुंता- लाहडू मार्ग के चौबीस किलोमीटर लंबे हिस्से के डबललेन कार्य का रास्ता साफ हो गया है। सीआरआईएफ के तहत सिहुंता-लाहडू मार्ग के विस्तारीकरण कार्य के लिए 52 करोड 82 लाख रुपए की राशि मंजूर हो गई है।
सिहुंता- लाहडू विस्तारीकरण कार्य को मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग आगामी कार्रवाई में जुट गया है। जल्द ही इस कार्य की कागजी औपचारिकताएं निपटाकर निविदाएं बुलाकर काम ठेकेदार को अवार्ड कर दिया जाएगा।
सिहुंता से लाहडू का चौबीस किलोमीटर का हिस्सा काफी तंग है। इस हिस्से पर कई ऐसे स्पाट है जहां सावधानी हटी दुर्घटना घटी वाली कहावत चरितार्थ हो सकती है। हलके के लोग काफी समय से सिहुंता-द्रम्मण मार्ग के सिहुंता- लाहडू के हिस्से को डबललेन करने की मांग करते आ रहे थे।
आखिरकार विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने लोगों की मांग को इस मुद्दे को प्रभावी तरीके से उठाते हुए पूरा करवा दिया है।
इस कार्य के तहत मार्ग के डबललेन के अलावा ड्रेन, पैरापिट सहित सुरक्षा दीवारें लगाई जाएंगीं। उल्लेखनीय है कि द्रम्मण से सिहुंता के हिस्से का डबललेन कार्य पहले ही हो चुका है।
इस कार्य को अंजाम तक पहुंचाने में भी विधायक कुलदीप सिंह पठानिया का अहम योगदान रहा था। अब सिहुंता से लाहडू तक के मार्ग के भी डबललेन होने से जहां आवाजाही सुगम होगी वहीं कांगड़ा तक का सफर भी सुहाना हो जाएगा।
बहरहाल, सिहुंता- लाहडू मार्ग के डबललेन कार्य को मंजूरी मिलने से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
उधर, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि सिहुंता-लाहडू मार्ग के विस्तारीकरण कार्य के लिए सीआरआईएफ के तहत मंजूरी मिल गई है।
इस कार्य पर करीब 53 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भटियात के कई विकास योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जा रहा है।

