
चम्बा- भूषण गुरुंग
पुलिस की एसआईयू सैल की टीम ने नाकाबंदी के दौरान पिकअप चालक से 611 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान राजकुमार वासी गांव ककरोथा के तौर पर की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर हवालात में बंद कर दिया है।
पुलिस ने चरस तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया। आरोपी को पुलिस रिमांड हेतु वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस की एसआईयू सैल के मुख्य आरक्षी परमेश शर्मा की अगवाई में टीम ने कोटी बाजार में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी का सिलसिला चला रखा था। इसी दौरान तीसा की ओर से आ रही पिकअप को निरीक्षण हेतु रोका गया। पुलिस टीम को देखकर पिकअप चालक घबरा गया।
पुलिस को राजकुमार की गतिविधियां संदिग्ध दिखने पर शक के आधार पर तलाशी लेने दौरान कब्जे से 611 ग्राम चरस बरामद हुई। राजकुमार के खिलाफ चरस तस्करी के आरोप में सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से चरस खेप की खरीद फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है।
उधर, विनोद कुमार एएसपी चंबा ने मामले की पुष्टि की है उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई नियमानुसार अमल में लाई जा रही है उन्होंने साथ ही दोहराया कि जिला में सक्रिय चरस माफिया की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
