रिवालसर/घौड़ – अजय सूर्या
बीते दिनों प्रदेश हुई भारी बारिश के कारण बल्ह विधानसभा क्षेत्र की सरध्वार पंचायत के गांव घौड़ में स्थित सरकारी स्कूल गिरने की कगार पर है। बता दें कि इन दोनों कलखर- रिवलसर – मंडी सड़क मार्ग के डबल लेन होने का कार्य हो रहा है। जहां डंपिंग करने के लिए गांव के कुछ लोगों ने जो भूमि ठेकेदार को दी थी, वह दो नालों के बीच में बनी है।
जिससे गांव वालों को पहले से ही खतरे का अंदेशा था। जिसका गांव वालों ने जमकर विरोध किया था क्योंकि जहां यह डंपिंग साइट बनी है उससे ठीक नीचे सरकारी स्कूल का भवन निर्मित है और पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण इस डंपिंग साइड से भारी मात्रा में मलबा नीचे स्कूल पर जा गिरा है।

जिस कारण स्कूल का शौचालय इस मलबे में दब गया है व स्कूल के भवन को भी इससे खतरा बना हुआ है यदि भविष्य में फिर कभी ऐसी बारिश होती है तो इससे स्कूल भवन को भी नुकसान हो सकता है। इस मलबे के कारण लोगों की कई बीघा जमीन व फसल को भी काफी नुकसान हुआ है।
बच्चों के स्कूल जाने व स्थानीय लोगों का आम रास्ता भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को अपने खेतों में जाने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण यहां ना बच्चों के खेलने के लिए प्लेग्राउंड और ना ही शौच करने के लिए शौचालय बचा है।
स्कूल प्रबंधन कमेटी (SMC) की प्रधान मंजू देवी का कहना है कि हम लोगों ने पहले ही इस डंपिंग साइट का विरोध किया था परंतु गांव के कुछ लोगों ने इसकी जिम्मेवारी ली थी कि यदि भविष्य में इस डंपिंग साइट से स्कूल को कोई खतरा होता है तो इसकी जिम्मेवारी उन लोगों की होगी ऐसा लिखित में स्कूल प्रबंधन कमेटी को दिया था।

गांव के लोगों गुलाब चंद,खेम चंद, हीरा लाल, विश्वनाथ, लीना देवी,मन्जू देवी, पप्पू, कामेश्वर, ज्योति देवी, निर्मला देवी, हरीश सहित दर्जनों लोगों का कहना है कि हम इस विषय में लगभग 2 महीने पहले उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी से भी मिले थे जिन्होंने कहा था कि जल्दी ही वे इस जगह का जायजा लेने प्रशासनिक अधिकारियों को भेजेंगे परंतु अभी तक यहां कोई नहीं पहुंचा।
लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि जिन लोगों ने इसकी जिम्मेवारी ली है उन्हें जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकालने के लिए कहा जाए यदि वे इस जिम्मेवारी से पिछे हटते है तो उनके ऊपर सख्त कार्यवाही की जाए। लोगों ने उपायुक्त महोदय से निवेदन किया है कि भविष्य में इस स्थान पर डंपिंग न करने के आदेश जारी किए जाए।

उपायुक्त मण्डी अरिंदम चौधरी ने बताया कि इस मामले में एक दो दिनों के भीतर इस स्थान पर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड को भेजा जाएगा जो यहां का मुआयना करके रिपोर्ट तैयार करेंगे जिसके बाद उक्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

