गौरीकुंड क्षेत्र में केदारनाथ धाम से फाटा आ रहा हेलिकॉप्टर हुआ क्रैश, दर्दनाक हादसे में 23 महीने के बच्चे समेत 6 की मौत।
हिमखबर डेस्क
चारधाम यात्रा के दौरान आज सुबह उत्तराखंड में बड़ा हादसा हो गया। केदारनाथ धाम से फाटा की ओर आ रहा एक हेलिकॉप्टर गौरीकुंड क्षेत्र में क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत सात लोगों की मौत हुई है।
मृतकों में एक दंपति व उनका 23 महीने का बच्चा भी शामिल है। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन व राहत एजेंसियां मौके की ओर रवाना हो गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्यन एविएशन कंपनी का यह हेलिकॉप्टर आज रविवार सुबह करीब 5:30 बजे के आसपास गौरीकुंड के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक कारण खराब मौसम बताया जा रहा है।
घटनास्थल पर पहुंचने के लिए एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमें रवाना कर दी गई हैं। हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं द्वारा दी गई।
उन्होंने धमाके और धुएं की आवाज सुनकर प्रशासन को तत्काल सूचना पहुंचाई। इसके बाद हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हेलिकॉप्टर दुर्घटना की पुष्टि की।
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा है कि… ‘रुद्रप्रयाग जिले में हेलीकॉप्टर दुर्घटना की बहुत दुखद खबर मिली है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और अन्य बचाव दल राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। मैं बाबा केदार से सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।’
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह आर्यन कंपनी का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। गौरीकुंड क्षेत्र में यह हादसा हुआ है। घटना सुबह 5.30 बजे की बताई जा रही है। हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की वजह खराब मौसम बताई जा रही है।
हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की पुष्टि की है। गौरीकुंड के ऊपर घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। एक दंपती और उनका 23 महीने का बच्चा भी शामिल है, जयसवाल परिवार महाराष्ट्र का बताया जा रहा है। दो लोग स्थानीय हैं। जिनके नाम विनोद नेगी और विक्रम सिंह रावत बताए जा रहे हैं।
विक्रम सिंह रावत बीकेटीसी के कर्मचारी थे। मृतकों में राजकुमार जयसवाल, श्रद्धा जयसवाल, काशी जयसवाल, तुष्टि सिंह, विनोद, विक्रम सिंह व कैप्टन राजीव शामिल हैं।
राहुल चौबे, जिला पर्यटन अधिकारी व हेली सेवा नोडल अधिकारी के बोल
आज सुबह एक हेलीकॉप्टर मिसिंग की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलते ही हेली की जांच एवं खोजबीन की गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आर्यन एविएशन का एक हेलीकॉप्टर केदारनाथ धाम से यात्रियों को वापस गुप्तकाशी बेस पर ला रहा था।
घाटी में अचानक मौसम खराब हो गया। पायलट ने हेली को घाटी से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान हेली क्रैश हो गया। हेली में पायलट के अलावा पांच यात्री व एक बच्चा भी सवार था।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस बल समेत सभी रेस्क्यू टीमें स्थानीय लोगों के सहयोग से खोज कार्य में जुटे हुए हैं, पूरे मामले में जल्द अपडेट दिया जाएगा।