
व्यूरो – रिपोर्ट
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज ऐलान हो सकता है. चुनाव आयोग आज दोपहर तीन बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है.
जिसमें माना जा रहा है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा. यहां बताना जरूरी है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इसी साल दिसंबर तक चुनाव होने की संभावना है.
दरअसल, हाल ही में सितंबर के आखिर में चुनाव आयोग का दल हिमाचल प्रदेश और गुजरात के दौरे पर गया था, जहां दोनों राज्यों में चुनाव व्यवस्था की तैयारियों का आकलन किया. मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे हिमाचल प्रदेश और गुजरात के दौरे गए थे. हिमाचल में अक्सर एक चरण में तो गुजरात में दो चरण में चुनाव होते हैं.
बता दें कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः 8 जनवरी 2023 और 23 फरवरी 2023 को समाप्त होगा और आयोग किसी सदन के पांच साल के कार्यकाल के समाप्त होने के छह महीने के भीतर कभी भी चुनाव करा सकता है.
इस बार गुजरात में मुकाबला त्रिकोणीय होने की उम्मीद है, क्योंकि भाजपा-कांग्रेस के अलावा, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी भी सियासी मैदान में ताबड़तोड़ बैटिंग करती दिख रही है.
निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने से पहले अक्सर राज्यों का दौरा करता है. इससे पहले भी उम्मीद जताई जा रही थी कि चुनाव आयोग दिवाली से पहले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है.
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में साल 2017 में नौ नवंबर को चुनाव हुए थे, जबकि गुजरात में नौ और 14 दिसंबर को दो चरणों में मतदान कराया गया था. गुजरात चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी.
