
शिमला – जसपाल ठाकुर
जिला शिमला के रामपुर में 15/20 क्षेत्र के लबाना सदाना जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस के चालक और परिचालक की कुछ लोगों ने उनके कमरे में जाकर पिटाई कर दी।
इससे दोनों को चोटें पहुंची हैं। इसके बाद चालक व परिचालक ने झाकड़ी थाने में मामला दर्ज करवाया है।
बस के चालक तिलक राज पुत्र भगवान दास निवासी कोट तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर और परिचालक माखन लाल ने पुलिस को बताया कि वे बस लेकर सदाना पहुंचे तो वहां पर एक बोलेरो गाड़ी बेतरतीब तरीके से खड़ी की गई थी।
इसे हटाने के लिए जब उसके चालक को कहा तो वह उनके साथ गालीगलौज करने लगा। इसके बाद जब चालक व परिचालक करीब आठ बजे अपने कमरे में पहुंचे तो करीब सात लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। इससे उनके हाथ, आंख, बाजू और कंधे में चोटें पहुंची हैं।
आरोप है कि परिचालक की टिकट मशीन तोड़कर कैश का बैग भी छीन लिया। इसके बाद दोनों को कमरे में बंद कर वे वहां से भाग गए। हालांकि पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की पुष्टि एसडीपीओ रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने की है।
