
मंडी- नरेश कुमार
हिमाचल सरकार की मुख्यमंत्री शगुन योजना में प्रदेश के गरीब परिवारों की कन्याओं के विवाह पर उन्हें सरकार की ओर से 31 हजार रुपये की शगुन राशि भेंट की जा रही है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा आरंभ इस योजना में हर वर्ग के गरीब परिवारों को कवर किया गया है। यह जानकारी मंडी जिला में लोगों को सरकारी योजनाओं बारे जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे चार दिवसीय विशेष प्रचार अभियान के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रमों में दी गई।
मंडी जिले में विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित इन कार्यक्रमों में सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से संबद्ध नाट्य दलों ने गीत संगीत, नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी व उनका लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया ।
उन्होंने बताया कि हिमाचल सरकार की गृहिणी सुविधा योजना के तहत मंडी जिले में पिछले 3 वर्षों में 59,363 पात्र लाभार्थियों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। इस पर 21 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च किए गए हैं । कार्यक्रम के तहत बुधवार को संवाद युवा मंडल मंडी द्वारा कलोड़ व चमुखा, जालपा कला मंच द्वारा अप्पर पंडोह व शिवा बदार, शांगल म्यूजिकल ग्रुप गुलाड़ द्वारा लोटा व कंडोल, सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप धर्मपुर द्वारा त्रयाम्बला व रखेहड़ा तथा सांस्कृतिक लोक मंच करसोग द्वारा बही व बेलर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नाट्य दलों द्वारा विशेषकर अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के वर्गों के लाभ के लिए चलाई योजनाओं की जानकारी दी गई। कलाकारों ने गीत संगीत के माध्यम से बताया कि राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं आरंभ कर इन वर्गों का सामाजिक व आर्थिक विकास सुनिश्चित किया है।
