टरबाइनों के माध्यम से छोडा जा रहा है पौंग का पानी – विनय कुमार वरिष्ठ अभिकल्प अभियन्ता बीबीएमबी तलवाड़ा
ज्वाली – अनिल छांगु
पंडोह बांध से पानी छोड़े जाने के कारण पौंग झील का बुधवार को जलस्तर 1364.24 फीट रिकॉर्ड किया गया है। पौंग झील में 55,557 क्यूसिक पानी की आमद हो रही है, जबकि पौंग पावर हाउस की टरबाइनों के माध्यम से 18,324 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। अभी तक पौंग झील का जलस्तर खतरे के निशान से 25 फीट नीचे है।
पौंग बांध में 1,410 फीट तक पानी संग्रहण की क्षमता है, लेकिन जलस्तर 1,390 फीट पहुंचने पर खतरे के निशान को छू जाता है। पौंग झील में पानी की आमद लगातार बढ़ती जा रही है।
पौंग झील में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पौंग बांध के पास बसे मंड इलाका के बाशिंदों को डर सताने लगा है, क्योंकि जब बरसात के मौसम में पौंग बांध का पानी छोड़ा जाता है तो यह पानी लोगों के घरों और खेतों में भी भर जाता है। जिससे फसलें खराब हो जाती हैं। इस बार तो बरसात के आगमन होते ही पौंग बांध का जलस्तर इतना ऊपर आ गया है।
जल विनियम बीबीएमबी तलवाड़ा वरिष्ठ अभिकल्प अभियंता के बोल
जल विनियम बीबीएमबी तलवाड़ा के वरिष्ठ अभिकल्प अभियंता विनय कुमार ने बताया कि अभी तक मात्र टरबाइनों के माध्यम से ही पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि अभी तक पानी स्पिलवे गेट्स से न्यूनतम स्तर से नीचे है। अगर भविष्य में डैम का जलस्तर बढ़ता है तो स्पिलवे गेट्स खोलने की योजना बनती है तो प्रशासन सहित संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी जाएगी।

