
इन्दौरा – शम्मी धीमान
धर्मशाला जेल में हत्या के मामले में सजा काट रहे कैदी कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस जवानों को चकमा देकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार थाना ज्वाली में दर्ज हत्या के मामले के धर्मशाला जेल में कैद आरोपी संजीव (36) पुत्र तोहरिया निवासी पट्टा जटिया को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया।
ज्वाली कोर्ट में छुट्टी होने पर आरोपी को इंदौरा कोर्ट में पेश किया गया जिसके बाद आरोपी को पुलिस जवान धर्मशाला जेल में छोड़ने के लिए निकले, वहीं रास्ते में थाना ज्वाली के तहत लब नामक स्थान पर आरोपी पुलिस जवानों को किसी तरह चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों ने आरोपी को पकड़ने व ढूंढने की भरसक कोशिश की लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। बाद में इसकी सूचना थाना ज्वाली को दी गई जिसके बाद थाना ज्वाली के प्रभारी सुरिन्दर कुमार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों के साथ छापेमारी कर रहे हैं।
आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में थाना ज्वाली में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। एसपी कांगड़ा खुशहाल शर्मा ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए सर्च अभियान चलाया गया है। जल्द ही आरोपी को पुलिस गिरफ्त में लेगी।
